कोटा में बीजेपी की दो दिवसीय प्रदेश पदाधिकारी बैठक, प्रदेश अध्यक्ष और महामंत्री संगठन ने किया शुभारंभ

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jun 14, 2022, 09:16 PM IST

कोटा में बीजेपी राजस्थान की प्रदेश पदाधिकारी बैठक का शुभारंभ प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सतीश पूनियां, प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर, प्रदेश सह प्रभारी व सांसद भारती सियाल, उप नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने किया।

कोटा में बीजेपी की दो दिवसीय प्रदेश पदाधिकारी बैठक, प्रदेश अध्यक्ष और महामंत्री संगठन ने किया शुभारंभ

BJP State Bearers Meeting in Kota: राजस्थान में करीब डेढ़ साल बाद विधानसभा चुनाव होने हैं। भारतीय जनता पार्टी ने राजस्थान में गहलोत सरकार को सत्ता से बाहर करने की तैयारियां में जुट गई है। इसके लिए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को समय समय पर प्रशिक्षित करने का काम चल रहा है। पूरे प्रदेश के पार्टी पदाधिकारियों के साथ संगठन की आगामी रणनीति तैयार करने और उसे लागू करने के लिए कोटा में दो दिवसीय प्रदेश पदाधिकारी बैठक आयोजित की जा रही है। 14 जून को इस बैठक का शुभारंभ प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सतीश पूनियां, प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर, प्रदेश सह प्रभारी व सांसद भारती सियाल, उप नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने किया।

कोटा की स्थानीय ईकाई द्वारा प्रदेश पदाधिकारी बैठक में पहुंचे प्रदेश नेतृत्व का तिलक लगाकर और पगड़ी पहनाकर स्वागत किया। उसके बाद बैठक शुरू हुई। जानकारी के अनुसार, 14 जून को भाजपा के प्रदेश पदाधिकारी व मोर्चा प्रदेश अध्यक्षों की बैठक हुई जबकि 15 जून को प्रदेश कार्यसमिति बैठक होगी। पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों की व कार्यसमिति की बैठक को भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री व प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह भी संबोधित करेंगे। माना जा रहा है कि बैठक में आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए पार्टी की गतिविधियों, बूथ प्रबंधन सहित अन्य विषयों पर चर्चा हो होगी।

प्रदेश स्तरीय बूथ सशक्तिकरण अभियान चलेगा

इससे पहले सोमवार को भाजपा मुख्यालय जयपुर में प्रदेश स्तरीय बूथ सशक्तिकरण अभियान कार्यशाला हुई। यह अभियान 31 जुलाई तक जारी रहेगा।  बैठक में बूथ मजबूती को लेकर चर्चा की गई और सांसदों को पार्टी की सबसे छोटी बूथ इकाई से जुड़े अभियान में अहम टास्क दिए गए। इस बैठक में कुल 18 सांसद शामिल हुए। इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सतीश पूनियां, प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर, केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल और एससी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य ने संबोधित किया था।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!