Jaipur News: ये हैं दो जुल्मी बेटे, प्रॉपर्टी के लालच में मां पर ढहा रहे जुल्म,पीड़िता पहुंची पुलिस के दर

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Sep 3, 2022, 03:57 PM IST

Jaipur News : पति की मौत के बाद दो बेटे मां को अकेला छोड़कर चले गए थे। कोरोना काल में वापिस लौटे बेटों ने 75 साल की बुजुर्ग मां पर जुल्मों की झड़ी लगा दी। प्रॉपर्टी के लालच में अंधे होकर उसे घर से निकाल दिया। अब मामला पुलिस के पास पहुंचा है तो पीड़िता को इंसाफ की उम्मीद जगी है।

Jaipur News: ये हैं दो जुल्मी बेटे, प्रॉपर्टी के लालच में मां पर ढहा रहे जुल्म,पीड़िता पहुंची पुलिस के दर
Photo Credit: Representative Image

Jaipur News : राजधानी जयपुर में दूध के कर्ज का फर्ज भूले कलयुगी बेटों की बेरहमी की खौफनाक तस्वीर सामने आई है। संपत्ति हथियाने के लिए बेटों ने बुढ़ापे का सहारा बनना तो दूर उल्टे मां पर इतने सितम ढहाए कि अपने कलेजे पर पत्थर रखकर बुजुर्ग महिला को पुलिस थाने  की चौखट पर फरियाद करनी पड़ गई। मामला राजधानी जयपुर के अशोक नगर थाना इलाके का है। बेटों के जुल्मोंं की शिकार हुई 75 वर्षीय पीड़िता ने अशोक नगर थाने में दोनों बेटे के  खिलाफ मामला दर्ज करवा दिया है।

मगर अफसोस यहां भी उसे निराशा ही हाथ लगी। आखिर लंबे इंतजार के बाद पुलिस महकमे के आला अधिकारियों से अपनी जान की सलामती की फरियाद करने के बाद उसे राहत मिलने की उम्मीद जगी है। उच्चाधिकारियों के दखल के बाद अशोक नगर पुलिस हरकत में आई है। इधर अशोक नगर थाना प्रभारी विक्रम सिंह के मुताबिक पीड़िता लता देवनानी ने खुद की जान को खतरा बताते हुए अपने बेटे भीष्म के खिलाफ मारपीट करने की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी।

ये है बेटों के सितम की पूरी कहानी 

घरेलू मामला होने के कारण इसमें सुलह के प्रयास किए गए थे। बुजुर्ग महिला की सुरक्षा को लेकर पुलिस अलर्ट है। आरोपी बेटे के खिलाफ आरोपों की पत्रावली तैयार की गई है। उसे जल्द न्यायालय में पेश किया जाएगा। एसएचओ विक्रम सिंह के मुताबिक सी-स्कीम इलाके में सरोजनी मार्ग पर रहने वाली 75 वर्षीय लता देवनानी ने रिपोर्ट दी थी कि उसके पति की वर्ष 2005 में मृत्यु हो गई थी। इसके बाद उसके दोनों बेटे जयंत व भीष्म उसे छोड़कर चले गए थे। वहीं पति की मौत के बाद वह बेडशीट बनाने का अपना कारखाना संभालने लगी। इस बीच कोरोना महामारी के समय छोटा बेटा भीष्म वापिस घर लौट आया। इसके बाद उसने जयंत को भी बुला लिया। एसएचओ के मुताबिक संपत्ति बंटवारे को लेकर हुए विवाद के बाद पीड़िता ने अपने घर के 3 हिस्से भी कर दिए व एक भाग में अकेली रहने लगी। संपत्ति को देखकर दोनों बेटों का इमान डोलने लगा। इसके बाद उन्होंने मां पर जुल्म ढहाने शुरू कर दिए। उसके साथ आए दिन मारपीट करने लगे। एसएचओ के मुताबिक बुजुर्ग महिला ने रिपोर्ट में आरोप लगाया है कि दोनों ने उसकी सारी संपत्ति हड़प ली व घर से निकाल दिया।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!