केंद्र सरकार ने जाकिर नाइक के नेतृत्व वाले प्रतिबंधित संगठन इस्लामिक रिसर्च फाउंडेशन (IRF) के खिलाफ गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) के तहत कार्रवाई करने का अधिकार राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को दे दिया है। केंद्रीय गृह मंत्रालय (MHA) ने 26 नवंबर 2026 को इस संबंध में आधिकारिक गजट नोटिफिकेशन जारी किया है। इस कदम के बाद राज्य सरकारें और केंद्रशासित प्रदेश अपने-अपने क्षेत्रों में संगठन से जुड़े फंड, वित्तीय संपत्तियों और परिसरों को लेकर सीधे कानूनी और प्रवर्तन कार्रवाई कर सकेंगे। इससे पहले केंद्र ने 13 नवंबर को IRF पर लगा प्रतिबंध अगले पांच साल के लिए बढ़ाया था।
IRF पर 5 साल बढ़ाया गया था प्रतिबंध (फाइल फोटो)
UAPA की धारा 42 के तहत मिलीं ये शक्तियां
गृह मंत्रालय द्वारा जारी अधिसूचना के तहत राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को UAPA की धारा 42 के अंतर्गत वे अधिकार सौंपे गए हैं, जिनके जरिए संगठन की आर्थिक और भौतिक गतिविधियों पर नकेल कसी जा सकेगी। इसके तहत अधिकारी UAPA की धारा 7 और धारा 8 के प्रावधानों का उपयोग कर सकेंगे।
धारा 7 के तहत संबंधित अधिकारी उन फंड, बॉन्ड या अन्य संपत्तियों के लेनदेन पर रोक लगा सकेंगे, जो संगठन के उद्देश्यों के लिए रखे या इस्तेमाल किए जा रहे हैं। संदिग्ध वित्तीय लेनदेन की जांच करने का अधिकार भी शामिल है।
धारा 8 के तहत संगठन की गतिविधियों में इस्तेमाल होने वाले घरों, इमारतों या अन्य परिसरों को अधिसूचित कर उन पर नियंत्रण किया जा सकेगा। ऐसे परिसरों में व्यक्तियों की आवाजाही और वहां मौजूद चल संपत्तियों के इस्तेमाल पर भी रोक लगाई जा सकती है।
13 नवंबर को 5 साल बढ़ाया गया था प्रतिबंध
केंद्र सरकार ने 13 नवंबर को IRF पर लगा प्रतिबंध अगले पांच साल के लिए बढ़ा दिया था, जबकि मौजूदा प्रतिबंध की अवधि 14 नवंबर को समाप्त होने वाली थी। सरकार ने UAPA की धारा 3(1) और 3(3) के तहत संगठन को गैरकानूनी घोषित किया है। भारत में पहली बार 17 नवंबर 2016 को IRF को गैरकानूनी संगठन घोषित करते हुए प्रतिबंध लगाया गया था। उस समय सरकार ने धार्मिक समुदायों के बीच वैमनस्य और नफरत को बढ़ावा देने वाली गतिविधियों का हवाला दिया था। जुलाई 2016 में बांग्लादेश की राजधानी ढाका में हुए आतंकी हमले के बाद जांच के दौरान गिरफ्तार एक आरोपी के जाकिर नाइक के भाषणों से प्रभावित होने की बात सामने आई थी, जिसके बाद मुंबई पुलिस की विशेष शाखा समेत अन्य एजेंसियों ने मामले की जांच आगे बढ़ाई थी।
