प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज दिवाली मिलन समारोह को संबोधित करते हुए एक मीडिया जगत से जुड़ा एक बेहद दिलचस्प और अनसुना किस्सा साझा किया है। पत्रकारों और मीडियाकर्मियों को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने हल्के-फुल्के अंदाज में बताया कि कैसे 2001 में गुजरात का मुख्यमंत्री बनने की भनक पार्टी के शीर्ष नेताओं के अलावा सबसे पहले दिल्ली के पत्रकारों को लग गई थी।
दिवाली मिलन समारोह को संबोधित करते हुए पीएम मोदी (फोटो- BJP)
'रिपोर्टर से एडिटर बनने जैसा रहा मेरा सफर'
मीडिया हाउस की कार्यशैली से अपने राजनीतिक दायित्वों की तुलना करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जिस तरह किसी मीडिया संस्थान में रिपोर्टर से एडिटर बनने पर भूमिका और जिम्मेदारियां स्वाभाविक रूप से बदल जाती हैं, ठीक वैसा ही बदलाव सरकार में आने के बाद उनके दायित्वों में भी आया। उन्होंने याद दिलाया कि पिछले महीने ही उन्हें सरकार के मुखिया (पहले मुख्यमंत्री और अब प्रधानमंत्री) के तौर पर 25 साल पूरे हुए हैं।
11 अशोका रोड के कमरे का वह यादगार वाकया
मीडिया की पैनी नजर और खबर निकालने की ताकत की सराहना करते हुए पीएम मोदी ने वर्ष 2001 का एक पुराना संस्मरण सुनाया। पीएम ने बताया कि उस समय उन्हें गुजरात भेजने और मुख्यमंत्री बनाने का फैसला बेहद गोपनीय था। पार्टी में शीर्ष के महज 2-4 लोगों को ही इस बारे में जानकारी थी। मोदी ने कहा, "मैं उस समय दिल्ली के 11 अशोका रोड स्थित एक कमरे में रहता था। अचानक एक दिन पत्रकारों की पूरी टोली मेरे कमरे में घुस आई। उस समय महिला पत्रकारों की एक सक्रिय 'ब्रिगेड' हुआ करती थी।"
प्रधानमंत्री के मुताबिक, कमरे में आते ही उन महिला पत्रकारों ने उनसे मिठाई खिलाने की मांग कर दी। जब मोदी ने हैरानी से पूछा कि आखिर मिठाई किस बात की, तो पत्रकारों ने जवाब दिया—"आप गुजरात जा रहे हैं, आप वहां के मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं।"
'पता नहीं आपकी कौन-सी ताकत है...'
पत्रकारों के सूत्र और सूचना तंत्र पर चुटकी लेते हुए पीएम मोदी ने कहा, "मुझे नहीं पता कि आप लोगों के पास ऐसी कौन-सी ताकत है, जो कई बार हमें यहां परेशान भी कर देती है। उस समय यह बात बहुत ही कम लोगों को मालूम थी, लेकिन उन पत्रकारों को इसका पता चल चुका था। खैर, बाद में उनकी यह बात बिल्कुल सही साबित हुई।" पीएम के इस संस्मरण पर कार्यक्रम में मौजूद पत्रकारों और अतिथियों के बीच ठहाके गूंज उठे।
