सऊदी से 4 माह बाद रांची पहुंचा प्रवासी श्रमिक का शव,परिजनों ने किया लेने से इनकार; अक्टूबर में कर दी गई थी हत्या

सऊदी अरब में चार महीने पहले मारे गए झारखंड के प्रवासी श्रमिक विजय कुमार महतो का शव रांची पहुंचा, लेकिन परिवार ने लंबित मुआवजे के मुद्दे पर उसे लेने से इनकार कर दिया। प्रशासन ने 5 लाख रुपये की सहायता स्वीकृत की है,जबकि अंतिम मुआवजा जेद्दा की अदालत के फैसले पर निर्भर है।

झारखंड के गिरिडीह जिले के एक प्रवासी मजदूर का शव चार महीने बाद रांची हवाई अड्डे पर पहुंच गया है। हालांकि उसके परिवार ने लंबित मुआवजे के कारण शव लेने से इनकार कर दिया है। प्रवासी श्रमिक विजय कुमार महतो की बीते साल अक्टूबर में सऊदी अरब में हत्या कर दी गई थी। अधिकारियों ने इस बारे में जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि जबकि मृतक के परिजनों ने शव लेने से मना कर दिया है ऐसे में शव को फिलहाल रांची स्थित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) की मोर्चरी में रखा गया है।

ranchi airport

रांची एयरपोर्ट।

अक्टूबर में सऊदी अरब में हो गई थी हत्या

राज्य प्रवासी नियंत्रण प्रकोष्ठ की टीम लीडर शिखा लाकड़ा ने बताया कि महतो की मौत अक्टूबर में सऊदी अरब में कथित गोलीबारी की घटना में हुई थी। मामला जेद्दा की अदालत में लंबित है और अंतिम मुआवजा अदालत के फैसले पर निर्भर करेगा। भारतीय दूतावास की सूचना के बाद जिला प्रशासन के सहयोग से शव को भारत लाया गया।

End of Feed