Maharashtra Civic Body Polls: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) पुणे नगर निगम चुनाव के लिए विपक्षी कांग्रेस के साथ गठबंधन की संभावना तलाश रही है। हालांकि, सबसे बड़ा सवाल तो यह है कि क्या कांग्रेस गठबंधन करेगी? ऐसा इसलिए कहा जा रहा है, क्योंकि महाराष्ट्र में कांग्रेस, राकांपा (शरद चंद्र पवार) और शिवसेना (उबाठा) महा विकास अघाड़ी का हिस्सा हैं, जबकि अजित पवार की राकांपा राज्य में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली महायुति का हिस्सा है।
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार (फाइल फोटो)
अजित पवार ने कांग्रेस नेता से की बात
समाचार एजेंसी भाषा ने सूत्रों के हवाले से बताया कि पवार ने गठबंधन की संभावना तलाशते हुए कांग्रेस नेता सतेज पाटिल को फोन किया था।सूत्रों ने बताया कि फोन पर बातचीत के दौरान अजित पवार ने गठबंधन करने के लिए चर्चा का प्रस्ताव रखा, जिस पर पाटिल ने कहा कि उन्हें इस मुद्दे पर अपनी पार्टी से बात करनी होगी, जो सीट का सम्मानजनक हिस्सा चाहती है।
हालांकि, इन सूत्रों ने कहा कि राकांपा और कांग्रेस के बीच गठबंधन की संभावना कम ही दिखती है क्योंकि कांग्रेस 165 सीट वाले पुणे नगर निगम में कम सीट लेने की इच्छुक नहीं है। सूत्रों ने बताया, “पुणे लोकसभा सीट कांग्रेस की है (महा विकास आघाडी के सीट बंटवारे के फार्मूले के अनुसार) और पार्टी को जमीनी स्तर पर अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए अच्छी खासी संख्या में वोट की जरूरत है।”
पुणे नगर निगम चुनाव में भाजपा और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी अलग-अलग चुनाव लड़ेंगी। कांग्रेस अपने महा विकास अघाडी के सहयोगी दलों शिवसेना (यूबीटी) और शरद पवार की राकांपा (शरद चंद्र पवार) के साथ भी बातचीत कर रही है। इसलिए यह देखना दिलचस्प होगा कि कांग्रेस अपने सहयोगियों से हाथ मिलाता है या नहीं।
