भारत अमेरिका डील के फ्रेमवर्क को लेकर अब पीएम मोदी ने जानकारी दी है और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को धन्यवाद दिया है। पीएम मोदी ने डील के फायदे को लेकर भी जानकारी दी है। पीएम मोदी ने कहा कि यह फ्रेमवर्क हमारी साझेदारी की बढ़ती गहराई, विश्वास और गतिशीलता को दिखाता है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और पीएम मोदी (फाइल फोटो-PTI)
पीएम मोदी ने ट्रंप का किया धन्यवाद
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा - "भारत और अमेरिका के लिए बहुत अच्छी खबर! हमने अपने दोनों महान देशों के बीच एक अंतरिम व्यापार समझौते के लिए एक फ्रेमवर्क पर सहमति जताई है। मैं हमारे देशों के बीच मज़बूत संबंधों के प्रति अपनी व्यक्तिगत प्रतिबद्धता के लिए राष्ट्रपति ट्रंप को धन्यवाद देता हूं।"
किस-किस सेक्टर को होगा फायदा?
पीएम मोदी ने कहा कि यह फ्रेमवर्क हमारी साझेदारी की बढ़ती गहराई, विश्वास और गतिशीलता को दिखाता है। यह भारत के मेहनती किसानों, उद्यमियों, MSMEs, स्टार्टअप इनोवेटर्स, मछुआरों और अन्य लोगों के लिए नए अवसर खोलकर 'मेक इन इंडिया' को मजबूत करता है। इससे महिलाओं और युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार पैदा होगा।
निवेश और टेक्नोलॉजी पार्टनरशिप को और गहरा करेगा- पीएम
पीएम मोदी ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि भारत और संयुक्त राज्य अमेरिका इनोवेशन को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध हैं और यह फ्रेमवर्क हमारे बीच निवेश और टेक्नोलॉजी पार्टनरशिप को और गहरा करेगा। यह फ्रेमवर्क मजबूत और भरोसेमंद सप्लाई चेन को भी मजबूत करेगा और वैश्विक विकास में योगदान देगा। जैसे-जैसे भारत एक विकसित भारत बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है, हम ऐसे वैश्विक पार्टनरशिप बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं जो भविष्य-उन्मुख हों, हमारे लोगों को सशक्त बनाएं और साझा समृद्धि में योगदान दें।
भारत अमेरिका के साथ डील फाइनल
बता दें कि भारत और अमेरिका के साथ ट्रेड डील फाइनल हो गई है, इसका फ्रेमवर्क भी दोनों देशों की ओर से जारी कर दिया गया है। भारत पर अब सिर्फ 18 प्रतिशत अमेरिकी टैरिफ लगेगा, जो पहले ट्रंप ने 50 प्रतिशत कर दिया था। ट्रंप ने रूसी तेल खरीद को लेकर भारत पर लगाए गए 25 प्रतिशत अतिरिक्त टैरिफ को हटा लिया है।
