देश

बारुईपुर कांड: हिंसा में मारे गए युवक के परिजनों को मिली मदद, CM ने दी 25 लाख रुपये और नौकरी की मदद

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने उस व्यक्ति के परिवार को नौकरी का पत्र और 25 लाख रुपये का चेक सौंपा, जिसकी हत्या 11 वर्षीय लड़की का शव तालाब से मिलने के बाद पीट-पीटकर कर दी गयी थी।

Image

सुवेंदु अधिकारी।

पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के बारुईपुर में 11 वर्षीय बच्ची के साथ कथित दुष्कर्म और हत्या के बाद भीड़ ने एक युवक को पीट-पीट कर मार डाला था। मारे गए युवक का नाम इंद्रजीत मंडल था,जिसके परिवार को आज सीएम सुवेंदु ने आर्थिक सहायता और नौकरी का पत्र सौंपा। सीएम सुवेंदु अधिकारी ने ये एलान पीड़ित परिवार से मुलाकात के बाद किया।

इससे पहले, सुवेंदु अधिकारी ने मृत पीड़िता के घर पहुंचकर उसके माता-पिता से मुलाकात की थी।इस दौरान उन्होंने उन्हें हर संभव मदद का भरोसा भी दिया। इसके बाद वे इसी घटना में पीट-पीट कर मार दिए गए इंद्रजीत मंडल के परिजनों से भी मिलने के लिए उनके घर पहुंचे।

पश्चिम बंगाल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मुलाकात के दौरान सीएम सुवेंदु ने इंद्रजीत मंडल के बड़े भाई को बरुईपुर पुलिस जिले में नागरिक स्वयंसेवक (सिविक वॉलंटियर) के पद के लिए नियुक्ति पत्र दिया। साथ ही उनके माता-पिता को 25 लाख रुपये का चेक सौंपा गया।

क्या बोले इंद्रजीत मंडल के भाई ?

इस बारे में इंद्रजीत मंडल के भाई बापी मंडल ने बताया कि सीएम ने हमें हर संभव मदद का आश्वासन दिया है। मुझे नौकरी का नियुक्ति पत्र मिला है और जल्द ही काम पर आने के लिए कहा गया है।

बता दें कि इसे लेकर सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि इंद्रजीत मंडल निर्दोष था और उसकी पीट-पीटकर हत्या करने वालों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया जाएगा। पुलिस अब तक इस मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। इस दौरान अधिकारी ने बरुईपुर पुलिस जिले के अंतर्गत सुरजापुर इलाके में एक नई पुलिस चौकी का भी उद्घाटन किया।

रेप-हत्या के बाद मिला था बच्ची का शव

गौरतलब है कि बारुईपुर में चार जुलाई को लापता हुई 11 वर्षीय बच्ची का शव अगले दिन सुरजापुर हाट इलाके में एक बोरी में बंद मिला था। इस घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया और लोगों ने बरुईपुर-जॉयनगर रोड जाम कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने टायर जलाए और कई पुलिस वाहनों को भी नुकसान पहुंचाया।

बच्ची का शव मिलने के कुछ घंटों बाद ही गुस्साई भीड़ ने एक व्यक्ति को लड़की की हत्या में शामिल होने के संदेह में पीट-पीटकर मार डाला था। बाद में उसकी पहचान इंद्रजीत मंडल के रूप में हुई।

पुलिस ने दुष्कर्म और हत्या के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इनमें से एक आरोपी प्रभाष मंडल की मंगलवार देर रात उस समय मौत हो गई,जब पुलिस उसे सीन रीक्रिएशन के लिए क्राइम स्पॉट पर ले जा रही थी और उसने कथित तौर पर एक पुलिसकर्मी की बंदूक छीनने की कोशिश की थी। इसके अलावा, बच्ची का शव मिलने के बाद हुई हिंसा और तोड़फोड़ के मामले में पुलिस अब तक 35 से अधिक लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है।

Shiv Shukla
शिव शुक्ला author

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभ... और देखें

End of Article