West Bengal Assembly Election 2026: वाम मोर्चा ने सोमवार को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए अपने 192 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी। इस सूची में राज्यसभा के मौजूदा सदस्य विकास रंजन भट्टाचार्य और माकपा की केंद्रीय समिति की सदस्य मीनाक्षी मुखर्जी प्रमुख नामों में शामिल हैं। भट्टाचार्य को कोलकाता के दक्षिणी बाहरी इलाके स्थित जादवपुर विधानसभा सीट से मैदान में उतारा गया है। वहीं, वाम मोर्चा का युवा चेहरा मानी जाने वाली मीनाक्षी मुखर्जी हुगली जिले की उत्तरपारा सीट से चुनाव लड़ेंगी। गौरतलब है कि 2021 के विधानसभा चुनाव में मुखर्जी को नंदीग्राम सीट से उम्मीदवार बनाया गया था, जहां वह भाजपा के शुभेंदु अधिकारी और सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी के बाद तीसरे स्थान पर रही थीं।
वाममोर्चा ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए 192 प्रत्याशियों की पहली सूची घोषित की (फोटो: PTI)
बाकी बची सीटों के उम्मीदवारों के नाम जल्द आएंगे सामने
वाम मोर्चा ने कालीगंज सीट से माकपा की उम्मीदवार सबीना यास्मीन को चुनावी मैदान में उतारा है। वह तमन्ना की मां हैं, जिसकी पिछले वर्ष जून में इस सीट पर हुए उपचुनाव के बाद मतगणना के दिन निकाली गई एक विजय रैली के दौरान कथित तौर पर फेंके गए देसी बम के विस्फोट में मौत हो गई थी। इस उपचुनाव में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने जीत दर्ज की थी। वाम मोर्चा के अध्यक्ष बिमान बोस ने बताया कि बाकी बची सीटों के उम्मीदवारों के नाम अगले तीन से चार दिनों में तय कर सार्वजनिक कर दिए जाएंगे। राज्य में विधानसभा चुनाव दो चरणों में 23 और 29 अप्रैल को कराए जाएंगे, जबकि मतों की गिनती 4 मई को होगी।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 का कार्यक्रम
गौरतलब है कि, चुनाव आयोग ने रविवार को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 का विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया। राज्य की कुल 294 विधानसभा सीटों पर मतदान दो चरणों में कराया जाएगा। सरकार बनाने के लिए किसी भी राजनीतिक दल या गठबंधन को कम से कम 148 सीटों का आंकड़ा पार करना जरूरी होगा।
निर्धारित चुनाव कार्यक्रम के मुताबिक पहले चरण के मतदान के लिए अधिसूचना 30 मार्च को जारी की जाएगी, जबकि दूसरे चरण की अधिसूचना 2 अप्रैल को प्रकाशित होगी। पहले चरण में नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 6 अप्रैल और दूसरे चरण के लिए 9 अप्रैल तय की गई है। इसके बाद पहले चरण के नामांकन पत्रों की जांच 7 अप्रैल को और 10 अप्रैल को की जाएगी। वहीं, उम्मीदवारों को अपना नाम वापस लेने के लिए पहले चरण में 9 अप्रैल तक और दूसरे चरण में 13 अप्रैल तक का समय दिया गया है।
मतदान कार्यक्रम के तहत पहले चरण में 23 अप्रैल और दूसरे चरण में 29 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे। दोनों चरणों की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 4 मई को मतगणना की जाएगी और उसी दिन नतीजों की घोषणा भी कर दी जाएगी। राज्य में कुल 294 विधानसभा सीटें हैं और किसी भी दल या गठबंधन को सरकार बनाने के लिए 148 सीटों का बहुमत हासिल करना अनिवार्य होगा। इस बार भी चुनावी मुकाबला मुख्य रूप से भारतीय जनता पार्टी और सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के बीच कड़ा रहने की संभावना जताई जा रही है।
