इस बार फरवरी में भी गर्मी का खूब अहसास हो रहा है। आमतौर पर गुलाबी ठंड वाला फरवरी मार्च जैसी गर्मी से झुलसा रही है। तापमान 33 डिग्री के आसपास दर्ज किया जा रहा है। सुबह भले ही खुशनुमा मौसम रहता है, लेकिन दिन चढ़ते-चढ़ते सूरज की तपिश खूब परेशान कर रही है। मौसम विभाग के मुताबिक इस बार लू समय से पहले आ सकती है।
इन राज्यों में तापमान पहुंचेगा 35-37 डिग्री
बढ़ते तापमान का असर गेहूं की फसल पर
मौसम में इस बदलाव का असर फसलों पर दिख सकता है। अभी से तापमान 35 डिग्री से ऊपर जाने पर गेहूं की फसल को नुकसान हो सकता है। दिल्ली में आज का न्यूनतम तापमान 13 डिग्री रहा और अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है। आसमान साफ रहेगा और बारिश की संभावना बिल्कुल नहीं है। वहीं, लखनऊ में न्यूनतम तापमान 14 डिग्री और अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 16 डिग्री और अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहेगा।
राष्ट्रीय राजधानी के लिए मुख्य मौसम केंद्र सफदरजंग वेधशाला ने सोमवार को अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया, जो 1969 के बाद से दिल्ली में फरवरी का तीसरा सबसे गर्म दिन है। रविवार को 6 बजे तक वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) ) 290 था, जो खराब श्रेणी में आता है।
इन राज्यों में तापमान पहुंचेगा 35-37 डिग्री
मौसम विभाग के मुताबिक, तेलंगाना, आतंरिक आंध्र प्रदेश और महाराष्ट्र, गुजरात के कुछ हिस्से, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री तक रह सकता है। इन दिनों उत्तर पश्चिम और मध्य भारत के राज्यों में तापमान सामान्य से 3 से 4 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया जा रहा है।
वहीं, उत्तर भारत के विभिन्न राज्यों के लिए भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने बारिश और आंधी की भविष्यवाणी की है। इसके अनुसार, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू और कश्मीर और लद्दाख में 27 फरवरी से 2 मार्च तक बारिश होने का अनुमान है। 28 फरवरी को पंजाब के लिए छिटपुट बारिश की भविष्यवाणी की गई है। वहीं, चंडीगढ़, पंजाब और दिल्ली में एक और दो मार्च को छिटपुट बारिश हो सकती है।
