मतदाता सूची के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन यानी (SIR) को लेकर इस समय दिल्ली से लेकर राज्यों तक सियासत गर्म है। विपक्ष इसे लेकर चुनाव आयोग और केंद्र सरकार पर लगातार हमलावर है। इस जारी विवाद के बीच विपक्षी सांसद कल सड़कों पर उतरने की योजना बना रहे हैं। INDIA bloc के सांसद मंगलवार, 6 अक्टूबर को संसद भवन से चुनाव आयोग के मुख्यालय तक मार्च करेंगे। विपक्षी दलों ने SIR में कथित अनियमितताओं को लेकर चुनाव आयोग के सामने अपनी आपत्तियां दर्ज कराने के लिए यह प्रदर्शन तय किया है।
INDIA bloc के मार्च में शामिल नहीं होगी AAP।
हालांकि, इस प्रदर्शन में आम आदमी पार्टी (AAP) शामिल नहीं होगी। पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने सोमवार को स्पष्ट किया कि 6 अक्टूबर का कार्यक्रम INDIA bloc का प्रदर्शन है और AAP इसमें हिस्सा नहीं लेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी इस मुद्दे पर अपने तरीके से लगातार अभियान चला रही है।
संजय सिंह बोले- अपने तरीके से लड़ रहे हैं
संजय सिंह ने संसद परिसर में पत्रकारों से कहा कि एसआईआर को लेकर अलग-अलग जगहों पर रोज प्रदर्शन हो रहे हैं। आम आदमी पार्टी इसे व्यापक जन मुद्दा मानती है और इसी वजह से अपने पार्टी बैनर के बजाय इसे लोगों के आंदोलन के तौर पर उठा रही है। उन्होंने कहा कि अलग-अलग संगठन और वाम दल भी इस मुद्दे पर प्रदर्शन कर रहे हैं। ऐसे में AAP INDIA bloc के 6 अक्टूबर वाले मार्च का हिस्सा नहीं बनेगी।19 विपक्षी दलों की बैठक में बना था कार्यक्रम
INDIA bloc के नेताओं ने 30 सितंबर को दिल्ली में बैठक के बाद SIR और चुनाव आयोग से जुड़े मुद्दों पर आंदोलन का कार्यक्रम घोषित किया था। इसमें 2 से 8 अक्टूबर के बीच देशभर में 'सेव डेमोक्रेसी' मार्च, जिला स्तर पर प्रदर्शन और 6 अक्टूबर को संसद से चुनाव आयोग तक विपक्षी सांसदों का मार्च शामिल है।
बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, सोनिया गांधी, ममता बनर्जी, उमर अब्दुल्ला, तेजस्वी यादव और सुप्रिया सुले समेत कई विपक्षी नेता शामिल हुए थे। AAP और DMK इस बैठक में शामिल नहीं हुए थे।
BJD, DMK और AAP को भी न्योता
6 अक्टूबर के मार्च को लेकर BJD, DMK और AAP को भी निमंत्रण भेजे जाने की जानकारी सामने आई है, लेकिन इन दलों की मार्च में भागीदारी की पुष्टि नहीं हुई। AAP ने अब स्पष्ट कर दिया है कि वह इसमें शामिल नहीं होगी।
SIR को लेकर विपक्ष के आरोप
विपक्षी दल SIR प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और चुनाव आयोग के कामकाज को लेकर सवाल उठा रहे हैं। INDIA bloc ने इस मुद्दे पर आगे भी देशभर में प्रदर्शन और बड़ी रैलियां करने का कार्यक्रम बनाया है। हालांकि, चुनाव आयोग ने SIR से जुड़े निर्णयों को लेकर लगाए जा रहे आरोपों और आयोग के भीतर मतभेद के दावों को खारिज किया है।
