स्थानीय निकाय चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद केरल के विभिन्न स्थानों, विशेषकर उत्तरी जिलों में, रात भर हिंसा भड़क उठी। पुलिस ने बताया कि कोझिकोड जिले के एरामाला में कांग्रेस कार्यालय इंदिरा गांधी भवन पर कथित तौर पर सीपीआई (एम) कार्यकर्ताओं द्वारा हमले के बाद रात भर तनाव बना रहा। एदाचेरी पुलिस स्टेशन में दर्ज एफआईआर के अनुसार, लगभग 200 लोग खतरनाक हथियारों के साथ कांग्रेस कार्यालय की ओर बढ़े और इमारत में तोड़फोड़ की, जिससे लगभग पांच लाख रुपये का नुकसान हुआ।
केरल स्थानीय चुनाव के बाद हिंसा (फाइल फोटो- PTI)
इंदिरा गांधी की प्रतिमा को भी नुकसान पहुंचाया गया
पुलिस ने बताया कि हमले में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की प्रतिमा को भी नुकसान पहुंचाया गया। इसके तुरंत बाद, यूडीएफ कार्यकर्ता मौके पर जमा हो गए, जिससे स्थिति और बिगड़ गई। हालांकि, एक अधिकारी ने बताया कि अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के बाद स्थिति को नियंत्रण में कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि मराड में भी एक अन्य हिंसक घटना की सूचना मिली है, जहां यूडीएफ की विजय शोभायात्रा पर कथित तौर पर पत्थर फेंके गए, जिससे कई लोग घायल हो गए।
वायनाड जिले के सुल्तान बाथरी में पुलिस ने एक मामला दर्ज किया है, जब यूडीएफ कार्यकर्ता और उसके परिवार के सदस्यों को ले जा रही एक कार पर कथित तौर पर लगभग 40 सीपीआई (एम) कार्यकर्ताओं ने हमला किया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। सुल्तान बाथरी पुलिस ने एक अलग घटना में यूडीएफ कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया है, जिसमें उन पर अपने घर के पास पटाखे फोड़ने का विरोध करने वाले एक सीपीआई (एम) कार्यकर्ता पर हमला करने का आरोप है।
सीपीआई (एम) कार्यकर्ताओं ने हमला किया
कन्नूर जिले के पानूर में कई मुस्लिम लीग कार्यकर्ताओं के घरों पर कथित तौर पर सीपीआई (एम) कार्यकर्ताओं ने हमला किया। घरों के पास खड़ी गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचाया गया। पानूर पुलिस के अनुसार, हिंसा तब भड़की जब यूडीएफ की विजय रैली को कथित तौर पर तलवारों और खंजरों से लैस सीपीआई (एम) कार्यकर्ताओं ने रोक दिया। इस झड़प में कुछ यूडीएफ नेता घायल हो गए।
कन्नूर जिले के उलिक्कल में भी यूडीएफ और एलडीएफ कार्यकर्ताओं के बीच झड़प की खबरें आईं, हालांकि उलिक्कल पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस के हस्तक्षेप से रात में स्थिति नियंत्रण में आ गई। कासरगोड जिले के बेदाकोम में, एलडीएफ की विजययात्रा हिंसक हो गई जब सीपीआई (एम) कार्यकर्ताओं ने कथित तौर पर यूडीएफ कार्यकर्ताओं को रोका जो उस इलाके से गुजर रहे थे। एक अधिकारी ने बताया कि हस्तक्षेप करने वाले कुछ पुलिसकर्मियों को मामूली चोटें आईं।
तिरुवनंतपुरम जिले के नेय्याट्टिनकारा में भी इसी तरह की हिंसा की खबरें आईं, जहां सीपीआई (एम) और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई। पुलिस ने बताया कि दोनों पक्षों के कार्यकर्ताओं को मामूली चोटें आईं और उन्हें अस्पतालों में भर्ती कराया गया। पुलिस ने कहा कि औपचारिक शिकायतें मिलने के बाद मामले दर्ज किए जाएंगे।
