Kolkata Clash: कोलकात में दो गुट आफस में लड़ बैठे, जिससे हालात बेहद तनावपूर्ण हो गए। पुलिस ने सोमवार को बताया कि यहां दो गुटों के बीच झड़प के दौरान बम फेंके गए और गोलियां चलाई गईं, जिसमें दो लोग घायल हो गए। एक सीनियर अधिकारी ने बताया कि रविवार रात रबींद्र सरोवर पुलिस स्टेशन के तहत दक्षिण कोलकाता के गोलपार्क इलाके में हुई झड़प में कम से कम 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया।
कोलकाता में भड़क गई हिंसा, बम और फायरिंग से दहला इलाका
उन्होंने कहा, 'हालात अब काबू में हैं। सोमवार सुबह 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, और झड़प में शामिल अन्य लोगों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी जारी है।'
क्यों भड़की हिंसा?
उन्होंने बताया कि रविवार रात करीब 8.30 बजे कंकुलिया रोड पर हिंसा भड़क गई, जब दूसरे इलाके के कुछ युवक इलाके में घुस आए और स्थानीय लोगों से उनकी झड़प हो गई। उन्होंने आगे कहा कि इस घटना में दो लोग घायल हो गए।
पुलिसकर्मी ने बताया कि दोनों तरफ से पत्थर फेंके गए, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। अधिकारी ने कहा, 'झड़प के दौरान देसी बम फेंके गए और कम से कम एक राउंड गोलियां चलाई गईं। इलाके से खाली कारतूस और छर्रे बरामद किए गए हैं।'
उन्होंने बताया कि बाद में एक भीड़ ने कई मोटरसाइकिलों में तोड़फोड़ की और जब सुरक्षाकर्मी भीड़ को तितर-बितर करने के लिए मौके पर पहुंचे तो उन्होंने एक पुलिस वाहन पर हमला करने की कोशिश की।
अधिकारी ने बताया कि हालात को काबू में करने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। उन्होंने कहा, 'बदमाशों की पहचान करने के लिए इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है।'
दबदबा कायम करने को झगड़ा
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि हिंसा का मकसद इलाके पर अपना दबदबा कायम करना था। तृणमूल कांग्रेस के एक स्थानीय नेता ने इलाके का दौरा किया और कहा, 'दहशत फैलाने और सार्वजनिक व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।' पुलिस अधिकारी ने बताया कि जांच जारी है।
