Jalandhar West Bypoll: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शनिवार को कहा कि विधानसभा की जालंधर पश्चिम सीट पर उपचुनाव में आम आदमी पार्टी (AAP) की बड़ी जीत दर्शाती है कि लोग राज्य सरकार के काम से बहुत खुश हैं। मार्च में आप विधायक के तौर पर अंगुराल के इस्तीफे के कारण यह सीट रिक्त हुई थी। वह मार्च में भाजपा में शामिल हो गए थे।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान (फोटो: @BhagwantMann)
किसे कितने वोट मिले?
अधिकारियों के अनुसार आप के उम्मीदवार मोहिंदर भगत ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार अंगुराल को 37,325 मतों से हरा दिया। भगत को 55,246 वोट मिले, जबकि अंगुराल ने 17,921 वोट हासिल किए। कांग्रेस उम्मीदवार सुरिंदर कौर को 16,757 वोट मिले और वह तीसरे स्थान पर रहीं।
CM मान ने क्या कुछ कहा?
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘जालंधर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव में आम आदमी पार्टी की शानदार जीत के लिए सभी को बधाई। बड़ी बढ़त के साथ मिली यह जीत दर्शाती है कि पूरे पंजाब में लोग हमारी सरकार के काम से बहुत खुश हैं। हम उपचुनाव के दौरान किए गए वादे के अनुसार जालंधर पश्चिम को 'सर्वश्रेष्ठ' बनाएंगे। मोहिंदर भगत जी को बधाई।’’
AAP की बढ़ी ताकत
जालंधर में स्थित भगत के निवास पर जश्न मनाया गया। आप कार्यकर्ताओं ने भगत की जीत पर पटाखे फोड़े, मिठाइयां बांटी और ढोल की थाप पर नृत्य किया और आप ने जालंधर में विजय जुलूस भी निकाला। इस जीत के साथ अब 117 सदस्यीय पंजाब विधानसभा में आप के 91 विधायक हो जाएंगे।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के लिए, उपचुनाव में जीत हासिल करना महत्वपूर्ण है क्योंकि उनकी पार्टी ‘आप’ को लोकसभा चुनावों में करारी हार का सामना करना पड़ा था। पार्टी राज्य की 13 संसदीय सीट में से सिर्फ तीन पर जीत हासिल कर सकी थी।
(इनपुट: भाषा)
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और (आज की ताजा खबर) के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।
