उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल जिस मुंबई-अहमदाबाद वंदे भारत एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 22961) में यात्रा कर रही थीं, उस पर मंगलवार शाम सूरत के पास कथित तौर पर पथराव किया गया। हालांकि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। वहीं, रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पथराव करने वाले व्यक्ति को भी पकड़ लिया है।
वंदेभारत पर हुआ पथराव, आनंदीबेन पटेल भी थीं सवार।
इस घटना को लेकर पश्चिम रेलवे के वडोदरा मंडल के पुलिस अधीक्षक अभय सोनी ने बताया कि घटना सूरत जिले के उत्राण थाना क्षेत्र में हुई। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल केंद्र शासित प्रदेश प्रशासन की ओर से दमन में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वापी स्टेशन से वंदे भारत एक्सप्रेस में सवार हुई थीं।
अधिकारी के मुताबिक, घटना के तुरंत बाद RPF की पैदल गश्ती टीम ने संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया। उसके बैग से कुछ पत्थर भी बरामद हुए हैं। पूछताछ में उसने कथित तौर पर बताया कि वह एक कुत्ते पर पत्थर फेंक रहा था। अधिकारी ने यह भी बताया कि व्यक्ति ने इससे पहले गुजर रही एक मालगाड़ी पर भी कथित तौर पर पथराव किया था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी व्यक्ति थोड़ा मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत होता है। शुरुआती जांच में घटना के पीछे किसी साजिश या जानबूझकर वंदे भारत एक्सप्रेस को निशाना बनाने के संकेत नहीं मिले हैं। हालांकि, उत्राण पुलिस और रेलवे अधिकारी मामले की आगे जांच कर रहे हैं।
अभय सोनी ने बताया कि पथराव में वंदे भारत एक्सप्रेस के एक डिब्बे के शीशे पर मामूली खरोंच आई है। जिस डिब्बे पर पत्थर लगा, वह उस डिब्बे से काफी दूर था जिसमें राज्यपाल आनंदीबेन पटेल यात्रा कर रही थीं। उन्होंने स्पष्ट किया कि घटना में किसी यात्री को चोट नहीं आई। रेलवे अधिकारियों और पुलिस की ओर से मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
