US-Iran War: अमेरिका-ईरान के बीच चल रहे सैन्य संघर्ष को लेकर विदेश मंत्रालय लगातार देशवासियों को जानकारी दे रहा है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल (Randhir Jaiswal) मीडिया से बातचीत के जरिए सैन्य संघर्ष के मौजूद हालात से देशवासियों को अवगत करा रहे हैं।
एमईए के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल का डीपफेक वीडियो वायरल।
हालांकि, एक डीपफेक (एआई) वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। विदेश मंत्रालय की फैक्ट चेक टीम ने इस वीडियो का पता लगाया है। विदेश मंत्रालय फैक्ट चेक टीम (MEA FactCheck) के एक्स हैंडल पर वीडियो शेयर करते हुए बताया गया कि रणधीर जायसवाल की आवाज के साथ छेड़छाड़ किया गया।
एआई वीडियो में कहा जा रहा है,"हमें जानकारी मिली है कि ईरान ने हमारे देश के कुछ कॉमर्शियल जहाज को निशाना बनाया है। अगर ईरान ने ऐसा किया है, तो हम पाकिस्तान से भी ज्यादा करारा जवाब ईरान को देंगे।"
वहीं, वास्तविक वीडियो में रणधीर जायसवाल यह बता रहे हैं कि सैन्य संघर्ष के दौरान पीएम मोदी लगातार खाड़ी देशों के नेताओं के संपर्क में हैं। पीएम मोदी यूएई, कतर, सऊदी अरब, ईरान सहित खाड़ी देशों के कई नेताओं के संपर्क में हैं।
ईरान के साथ लगातार संपर्क में भारत: विदेश मंत्रालय
हाल ही में रणधीर जायसवाल ने जानकारी दी है कि विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर और ईरान के विदेश मंत्री के बीच हाल के दिनों में तीन बार बातचीत हुई है। पिछली बातचीत में जहाजों की सुरक्षा और भारत की एनर्जी सिक्योरिटी से जुड़े मुद्दों पर बात हुई थी। इसके अलावा, मेरे लिए कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी।
'मिडिल ईस्ट में फंसे भारतीयों की मदद कर रही सरकार'
रणधीर जायसवाल ने बताया कि भारत सरकार मिडिल ईस्ट में फंसे भारतीयों की मदद कर रही है. उन्होंने कहा, 'हम उन भारतीय नागरिकों की भी मदद कर रहे हैं जो अजरबैजान और आर्मेनिया जाना चाहते हैं और वहां से कमर्शियल फ्लाइट लेकर घर लौटना चाहते हैं. हम उन्हें वीजा दिलाने में मदद कर रहे हैं. हम उन्हें जमीनी बॉर्डर पार करने में भी मदद कर रहे हैं।'
