UP Pragati Ka Mahamarg 2026: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने आगामी विधानसभा चुनावों और राज्य की राजनीतिक स्थिति को लेकर विपक्ष, विशेषकर समाजवादी पार्टी पर करारा हमला बोला है। 'नवनिर्माण मंच गंगा एक्सप्रेसवे: उत्तर प्रदेश प्रगति का महामार्ग 2026' के मंच से टाइम्स नाउ के वरिष्ठ पत्रकार सुमित अवस्थी के साथ बातचीत करते हुए मौर्य ने दावा किया कि 2027 में उत्तर प्रदेश में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनना तय है और अखिलेश यादव का 'पीडीए' (PDA) फार्मूला पूरी तरह फर्जी है।
2027 चुनाव और सपा के PDA पर केशव मौर्य ने कहीं बड़ी बातें
विपक्ष का PDA 'परिवार डेवलपमेंट एजेंसी' है
अखिलेश यादव के पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक (PDA) फार्मूले पर प्रहार करते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, "अखिलेश यादव का पीडीए सिर्फ 'परिवार डेवलपमेंट एजेंसी' है। जब वे 2012 से 2017 तक मुख्यमंत्री थे, तब उन्हें पिछड़ों और दलितों की याद नहीं आई।" उन्होंने आरोप लगाया कि सपा शासन में बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के नाम पर बने मेडिकल कॉलेजों के नाम बदले गए और दलितों का अपमान करने वालों को संरक्षण दिया गया।
2024 के गुब्बारे की निकलेगी हवा
लोकसभा चुनाव 2024 के परिणामों पर टिप्पणी करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष ने 'संविधान और आरक्षण खतरे में है' जैसा दुष्प्रचार करके जनता को गुमराह किया और कुछ सीटें जीत लीं। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जैसे हरियाणा और महाराष्ट्र में भाजपा ने वापसी की और दिल्ली में केजरीवाल की विदाई हुई, वैसे ही उत्तर प्रदेश में भी भाजपा की प्रचंड वापसी होगी। मौर्य ने कहा, "लोकसभा चुनाव के गुब्बारे में जो हवा भरी थी, वह अब निकल चुकी है।"
विकास की 'रीढ़ की हड्डी' है गंगा एक्सप्रेसवे
उत्तर प्रदेश के बुनियादी ढांचे पर चर्चा करते हुए मौर्य ने गंगा एक्सप्रेसवे को राज्य के विकास की 'रीढ़ की हड्डी' बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के विजन के अनुरूप 2047 तक 'विकसित भारत' बनाने के लिए विकसित उत्तर प्रदेश का होना अनिवार्य है। उन्होंने जोर देकर कहा कि "विकास का मतलब ही भाजपा है और सुशासन का मतलब भी भाजपा है।"
मथुरा-काशी पर बड़ा बयान
अयोध्या के बाद मथुरा और काशी के मुद्दों पर केशव प्रसाद मौर्य ने स्पष्ट कहा कि भाजपा 'विकास के साथ विरासत' को लेकर चल रही है। उन्होंने कहा, "हम भगवान भोलेनाथ और कान्हा के पुजारी हैं। हम ज्ञानवापी और ईदगाह की जगह भव्य मंदिर बनाना चाहते हैं, लेकिन हम न्यायालय के निर्णय की प्रतीक्षा करेंगे। हमें पूरा विश्वास है कि हम इसमें सफल होंगे।"
पेपर लीक और कानून व्यवस्था पर स्पष्टीकरण
नीट (NEET) पेपर लीक मामले पर विपक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए मौर्य ने कहा कि भाजपा सरकार कभी भी अपराधियों को संरक्षण नहीं दे सकती। उन्होंने बताया कि सरकार ने तत्काल सीबीआई (CBI) जांच के आदेश दिए हैं और दोषियों को कठोर सजा दी जाएगी। वहीं, राज्य की कानून व्यवस्था पर उन्होंने कहा कि योगी सरकार में अपराधी को पता है कि उसे कड़ी कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।
मुख्यमंत्री पद और पोर्टफोलियो पर सस्पेंस
भविष्य के नेतृत्व के सवाल पर उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ उनके सक्षम मुख्यमंत्री हैं और वर्तमान में उनके नेतृत्व में ही चुनाव लड़ा जाएगा। पोर्टफोलियो वितरण में देरी की खबरों को उन्होंने मीडिया की गढ़ी कहानी बताया और कहा कि विभागों का बंटवारा मुख्यमंत्री का विशेषाधिकार है।
