Accident News: लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर सोमवार को बड़ा हादसा हुआ है। जानकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सुरक्षा काफिले में तैनात स्कार्पियो हादसे का शिकार हो गई। गाड़ी का टायर फटने से चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद गाड़ी पलट गई। इस हादसे में कुछ सुरक्षा अधिकारी घायल हुए हैं। मिली जानकारी के अनुसार, हादसे में स्कार्पियो चालक के अलावा अन्य तीन अधिकारी घायल हुए हैं, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर हादसा
अधिकारियों के मुताबिक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सुरक्षा में तैनात गाड़ी चालक चेतराम लखनऊ से सीओ रैंक के अधिकारी अशोक कुमार व 2 इंस्पेक्टर अरविंद कुमार व सुरेश प्रताप सिंह के साथ मथुरा ड्यूटी पर जा रहे थे। सभी अधिकारी सीएम के सुरक्षा अधिकारी हैं। इसी दौरान फिरोजाबाद के नसीरपुर के पास गाड़ी का टायर फट गया, जिससे वह पलट गई।
सूचना पर पहुंची यूपीडा टीम
सीएम के सुरक्षा की कार के साथ हादसे की सूचना के तुरंत बाद यूपीडा की टीम घटनास्थल पर पहुंच गई और बचाव कार्य शुरू किया गया। यूपीडा टीम ने गाड़ी के अंदर से अधिकारियों व चालक को बाहर निकाला। अधिकारियों का कहना है कि सभी को मामूली चोटें आई हैं, उन्हें आगरा के SN मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
आज मथुरा दौरे पर सीएम योगी
बता दें, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज मथुरा दौरे पर रहेंगे। उनके साथ रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का भी मथुरा में कार्यक्रम है। योगी आदित्यनाथ मुथरा में आज कई कार्यक्रमों में प्रतिभाग करने वाले हैं। दोपहर 2:30 बजे सीएम मथुरा से उड़ान भरगर आगरा पहुंचेंगे। इसके बाद शाम को वह लखनऊ पहुचेंगे।
