'डोर-टू-डोर जाकर माफी मांगें अखिलेश, तब भी जनता नहीं करेगी माफ', पंकज चौधरी ने सपा सुप्रीमो की रथयात्रा पर बोला हमला

यूपी भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने अखिलेश यादव पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक यात्राएं निकालने से सपा अपने पुराने शासनकाल के सवालों से बच नहीं सकती। जनता को नारों और मंचों से ज्यादा सुरक्षा, सम्मान और विकास से जुड़े सवालों के जवाब चाहिए।

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने में भले ही अभी देर हो, लेकिन सूबे का सियासी पारा अभी से चढ़ने लगा है। सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों की तरफ से जुबानी तीर छोड़े जा रहे हैं। इसी क्रम में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने गोरखपुर में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के रोड शो को लेकर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव डोर-टू-डोर जाकर माफी भी मांग लें, तब भी जनता सपा सरकार के पुराने कारनामों को माफ नहीं करेगी। अखिलेश यादव पर रथयात्रा निकालने, नारे लगाने और रोड शो करने से सपा अपने शासनकाल के कारनामों से जनता का ध्यान नहीं भटका सकती। अखिलेश यादव को राजनीतिक दिखावे के बजाय अपने शासनकाल में हुई घटनाओं और जनता के साथ किए गए अन्याय के लिए जवाब देना चाहिए।

UP BJP new district presidents list

पंकज चौधरी ने अखिलेश यादव पर बोला हमला। (चित्र साभार: X/@mppchaudhary)

सपा शासनकाल में था अपराधियों और गुंडों का डर

उन्होंने कहा कि सपा शासनकाल में अपराधियों और गुंडों के डर से माताओं-बहनों को अपने ही घरों में कैद रहने के लिए मजबूर होना पड़ा था। महिलाओं ने भय के माहौल में अपने सपनों और आकांक्षाओं को दबाया था। प्रदेश की जनता उस दौर को भूली नहीं है। पंकज चौधरी ने कहा कि गाजियाबाद से गोरखपुर तक कितनी भी शो-बाजी कर ली जाए, कितने भी नारे लगा लिए जाएं और वैनिटी वैन पर सवार होकर कितने भी चक्कर लगा लिए जाएं, इससे सपा के प्रति जनता का नजरिया नहीं बदलने वाला। राजनीतिक यात्राओं और आयोजनों से शासनकाल की जवाबदेही खत्म नहीं हो जाती।

End of Feed