Jaipur News: केंद्रीय कानून और न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने जगद्गुरु स्वामी रामभद्राचार्य महाराज से मुलाकात की। इस मौके पर मेघवाल ने स्वामी रामभद्राचार्य को भजन सुनाया और आशीर्वाद लिया। अर्जुन राम मेघवाल का नाम बीते दिनों राजस्थान के मुख्यमंत्री की रेस में भी था। उन्होंने मनमोहक अंदाज में सूरदास का कृष्ण भजन 'प्रभु मेरे अवगुण चित ना धरो' गुनगुनाया।
जगद्गुरु स्वामी रामभद्राचार्य महाराज से मिले अर्जुन राम मेघवाल।
अर्जुन राम मेघवाल का अनोखा अंदाज
जगद्गुरु स्वामी रामभद्राचार्य महाराज से मिले मंत्री मेघवाल
मेघवाल ने ट्वीट कर जगद्गुरु स्वामी रामभद्राचार्य महाराज से मुलाकात की जानकारी साझा की और लिखा कि 'ईश्वर की कृपा और गुरुओं के आशीर्वाद से शुभ संकल्पों की सिद्धि होती है। आज जयपुर एयरपोर्ट पर प्रख्यात विद्वान्, बहुभाषाविद्, प्रवचनकार, श्री जगतगुरु रामभद्राचार्य जी महाराज से भेंटकर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। आपके तेजस्वी विचार सदैव मानव के कल्याण का मार्ग प्रशस्त करते रहेंगे।'
अर्जुन राम मेघवाल ने जगद्गुरु को सुनाया ये कृष्ण भजन
प्रभु मेरे अवगुण चित ना धरो ।
समदर्शी प्रभु नाम तिहारो, चाहो तो पार करो ।।
एक लोहा पूजा मे राखत, एक घर बधिक परो ।
सो दुविधा पारस नहीं देखत, कंचन करत खरो ।।
एक नदिया एक नाल कहावत, मैलो नीर भरो ।
जब मिलिके दोऊ एक बरन भये, सुरसरी नाम परो ।।
एक माया एक ब्रह्म कहावत, सुर श्याम झगरो ।
अबकी बेर मोही पार उतारो, नहि पन जात तरो ।।
मोदी सरकार में मंत्री अर्जुन राम मेघवाल को जानिए
अर्जुन राम मेघवाल एक सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी हैं, जिनका राजस्थान की सियासत में जाना माना नाम है। उनका जन्म बीकानेर के किश्मिदशर गांव में हुआ था। उन्होंने बीकानेर के श्री डूंगर कॉलेज और फिलीपीन विश्वविद्यालय से पढ़ाई लिखाई की। वो फिलहाल केंद्र की मोदी सरकार में कानून और न्याय मंत्री हैं। उनके पिता का नाम लाखू राम मेघवाल और माता का नाम हीरा देवी है। उनकी शादी पाना देवी से हुई, उनके दो बेटे और दो बेटियां हैं।
कैसा रहा अर्जुन राम मेघवाल का सियासी सफर?
पहली बार भारतीय जनता पार्टी के टिकट से साल 2009 में अर्जुन राम मेघवाल ने बीकानेर लोक सभा सीट से जीत हासिल की और सांसद चुने गए। इसके बाद 2014 में दूसरी बार और साल 2019 में हुए लोकसभा चुनाव में उन्होंने इसी सीट से लगातार तीसरी बार जीत हासिल की और मोदी सरकार में मंत्री बने।
सीएम की कुर्सी को लेकर सुर्खियों में रहे मेघवाल
राजस्थान विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत के बाद सीएम के नाम पर मंथन का दौर जारी था, इसी बीच मेघवाल सुर्खियों में आ गए थे। मीडिया रिपोर्ट्स में बताया गया कि विधायक दल की बैठक के एक दिन पहले अर्जुन राम मेघवाल के घर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। हालांकि अगले दिन हुई बैठक में भजनलाल शर्मा के नाम पर मुहर लगी।
जगद्गुरु स्वामी रामभद्राचार्य महाराज की भविष्यवाणी
पद्म विभूषण समेत कई राष्ट्रीय एवं अन्तरराष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित श्रीतुलसी पीठाधीश्वर जगद्गुरू स्वामी रामभद्राचार्य महाराज से मुलाकात कर अर्जुनराम मेघवाल ने आशीर्वाद लिया। वो पीएम मोदी के स्वच्छ भारत मिशन के ब्रांड एम्बेस्डर भी रहे हैं। उन्होंने साल 2021 में ये दावा किया था कि 2024 से पहले पाक अधिकृत कश्मीर भारत का अभिन्न हिस्सा होगा।
