मणिपुर के उखरुल जिले में सोमवार को संदिग्ध उग्रवादियों ने असम राइफल्स के काफिले पर घात लगाकर हमला कर दिया। इस हमले में असम राइफल्स के दो जवान शहीद हो गए, जबकि कई अन्य जवान घायल हुए हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा बलों ने बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।
सांकेतिक तस्वीर (फोटो साभार: @manipur_police)
घात लगाकर काफिले पर हमला
पुलिस के अनुसार, यह हमला सोमवार दोपहर करीब 1:30 बजे उखरुल जिले के नुंगशांग खोंग इलाके में हुआ। बताया जा रहा है कि असम राइफल्स का काफिला इलाके से गुजर रहा था,तभी पहले से घात लगाए बैठे संदिग्ध उग्रवादियों ने उस पर अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। अचानक हुए हमले में दो जवान शहीद हो गए, जबकि कई अन्य घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।
हमले के बाद अतिरिक्त सुरक्षा बलों को मौके पर भेजा गया और पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। फिलहाल हमले की जिम्मेदारी किसी भी उग्रवादी संगठन ने नहीं ली है।
मणिपुर के गृह मंत्री गोविंदास कोंथौजम ने की हमले की निंदा
मणिपुर के गृह मंत्री गोविंदास कोंथौजम ने इस हमले की कड़ी निंदा की है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर कहा कि उखरुल के नुंगशांग खोंग में 40 असम राइफल्स के काफिले पर हुआ हमला बेहद दुखद है।
उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं राज्य में शांति और सद्भाव के प्रयासों को नुकसान पहुंचाती हैं। गृह मंत्री ने शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। साथ ही उन्होंने भरोसा जताया कि सुरक्षा एजेंसियां हमले के जिम्मेदार लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानून के तहत कड़ी कार्रवाई करेंगी।
गौरतलब है कि जातीय हिंसा से प्रभावित मणिपुर में सुरक्षा बल लगातार शांति बहाली के लिए अभियान चला रहे हैं। ऐसे समय में सुरक्षाबलों पर हुआ यह हमला सुरक्षा व्यवस्था के लिए एक नई चुनौती माना जा रहा है।
