Twisha Sharma Family Interview: ट्विशा शर्मा की मौत मामले में कई मोड़ सामने आ रहे हैं इसबीच ट्विशा के परिवार वालों से 'टाइम्स नाउ नवभारत' ने खास बातचीत की जिसमें उन्होंने अपनी बात रखी। बता दें कि 12 मई की देर रात कटारा हिल्स स्थित अपने ससुराल में ट्विशा फांसी पर लटकी हुई मिलीं। उनके पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह उन्हें तुरंत पास के अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
ट्विशा के परिवार वालों से 'टाइम्स नाउ नवभारत' ने खास बातचीत की
उसकी मृत्यु के बाद, कटारा हिल्स पुलिस स्टेशन ने 15 मई को प्रथम सूचना रिपोर्ट (FIR) दर्ज की, जिसमें ट्विशा के पति समर्थ सिंह और उसकी सास गिरिबाला सिंह को मुख्य आरोपी बनाया गया।
'टाइम्स नाउ नवभारत' संवादददाता मकरंद काले ने ट्विशा के परिवार से बातचीत की है, ट्विशा की बहनों की मांग है कि अगली पूरी कार्रवाई दिल्ली में हो। कहा कि सीबीआई को केस सौंपा गया है इस मामले में न्याय की ओर ये पहला कदम है। देखिए और क्या-क्या कहा-
समर्थ सिंह को पुलिस ने हिरासत में लिया
वहीं 22 मई को इस मामले में बड़ा घटनाक्रम सामने आया जब ट्विशा शर्मा मौत मामले में फरार चल रहा पति समर्थ सिंह शुक्रवार को चेहरा छिपाकर जबलपुर जिला कोर्ट पहुंचा, जहां से ओमती पुलिस ने उसे हिरासत में लिया। इसके बाद पुलिस आरोपी समर्थ सिंह को लेकर भोपाल के लिए रवाना हो गई है। समर्थ सिंह जिला कोर्ट में मास्क लगाकर खुद को सरेंडर करने पहुंचा था।
इस दौरान, अदालत परिसर में लोगों की भारी भीड़ दिखाई दी।जब पत्रकारों ने मास्क और टोपी लगाकर समर्थ सिंह से बार-बार सवाल किए तो उसने पत्रकारों से पीछे हटने को कहा और बिना किसी सवाल का जवाब दिए आगे बढ़ गया।
कोर्ट ने ट्विशा के शव का दूसरा पोस्टमॉर्टम कराने की मांग मानी
कोर्ट ने दिल्ली एम्स की टीम द्वारा भोपाल एम्स में पोस्टमार्टम करने के निर्देश दिए हैं। कोर्ट ने ट्विशा के शव का दूसरा पोस्टमॉर्टम कराने की मांग भी मान ली। याचिकाकर्ता के वकील ने कोर्ट से इस मामले को प्राथमिकता देने का आग्रह करते हुए कहा था कि 'समय तेजी से बीत रहा है।' हालांकि, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में यह निष्कर्ष निकला कि 33 साल की ट्विशा ने आत्महत्या की थी, लेकिन उनके परिवार ने इसे मानने से इनकार कर दिया है और किसी गड़बड़ी का आरोप लगाया है।
बार काउंसिल ऑफ इंडिया ने प्रैक्टिस से किया निलंबित
Bar Council of India ने भोपाल में पत्नी की संदिग्ध मौत के मामले में आरोपी अधिवक्ता समर्थ सिंह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। परिषद ने अंतरिम आदेश जारी करते हुए समर्थ सिंह को तत्काल प्रभाव से वकालत की प्रैक्टिस से निलंबित कर दिया है।बार काउंसिल ने 22 मई 2026 को जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि मामला भोपाल में अधिवक्ता समर्थ सिंह की पत्नी ट्विशा शर्मा की शादी के कुछ महीनों के भीतर हुई मौत से जुड़ा है। परिषद के मुताबिक, समर्थ सिंह और अन्य लोगों के खिलाफ दहेज मृत्यु, क्रूरता और संबंधित आरोपों में एफआईआर दर्ज की गई है।
