तमिलनाडु के करूर भगदड़ के बाद अब एक्टर से नेता बने टीवीके प्रमुख विजय ने पहली प्रतिक्रिया दी है। टीवीके प्रमुख विजय ने कहा है वो इस घटना के बाद बहुत ही असहनीय पीड़ा में है। एक्टर विजय ने भगदड़ में हुई मौतों से मेरा दिल टूट गया, मैं असहनीय, अकथनीय पीड़ा और दुख में हूं। इस भगदड़ में अब तक 36 लोगों की जान जा चुकी है और 50 से ज्यादा लोग घायल हैं, जिनमें से कुछ की स्थिति गंभीर है। भगदड़ के बाद एक्टर विजय घटनास्थल से तुरंत निकल गए थे। उसके बाद उन्होंने अब ये प्रतिक्रिया दी है।
एक्टर विजय की रैली में भगदड़ से जा चुकी है 38 की जान (फोटो- PTI)
ये भी पढ़ें- 9 साल की बच्ची का खोना या खराब कानून-व्यवस्था...आखिर तमिलनाडु में विजय की रैली में कैसे मची भगदड़?
करूर में भगदड़
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने कहा कि शनिवार को चेन्नई से लगभग 400 किलोमीटर दूर करूर में अभिनेता एवं राजनेता विजय की रैली में मची भगदड़ में आठ बच्चों समेत 36 लोगों की मौत हो गई। स्टालिन ने स्थिति की समीक्षा के लिए सचिवालय में राज्य के शीर्ष अधिकारियों की बैठक बुलाई और बताया कि मृतकों में 16 महिलाएं भी शामिल हैं। उन्होंने इस घटना की जांच के लिए न्यायमूर्ति अरुणा जगदीशन के नेतृत्व में एक जांच आयोग के गठन की भी घोषणा की। इस बीच, केंद्रीय गृह मंत्रालय ने तमिलनाडु सरकार से भगदड़ पर रिपोर्ट मांगी है।
भाषण के दौरान मची भगदड़
अधिकारियों के अनुसार, भगदड़ शाम करीब साढ़े सात बजे उस समय मची जब विजय अपने समर्थकों को संबोधित कर रहे थे। भारी संख्या में समर्थक दोपहर में ही इकट्ठा हो गए थे और टीवीके नेता व फिल्म कलाकार की एक झलक पाने के लिए घंटों से इंतजार कर रहे थे। विजय की पार्टी के कई कार्यकर्ताओं ने जब लोगों को बेहोश होते और गिरते देखकर शोर मचाया तब उन्होंने अपनी रैली रोक दी। बेहोश होने वालों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे।
मुआवजे की घोषणा
स्टालिन ने स्थिति को ‘चिंताजनक’ बताया। इस बीच, राज्य सरकार ने भगदड़ में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों को 10-10 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की भी घोषणा की। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने तमिलनाडु में मची भगदड़ में हुई लोगों की मौत पर दुख व्यक्त किया और शोक संतप्त परिवार के सदस्यों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी प्रार्थना की।
