Rahul Gandhi Protest: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पैलेट गन मामले में अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि दिल्ली के बीचों-बीच पुलिस स्टेशन मौजूद है, यहां पर हमें न्याय नहीं मिल रहा है।
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी (फोटो साभार: Congress/YT)
डीसीपी कार्यालय के बाहर धरने पर बैठे राहुल गांधी ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि दिल्ली के बीचों-बीच पुलिस स्टेशन मौजूद है, यहां पर हमें न्याय नहीं मिल रहा था... उन्होंने आगे कहा कि न्याय मिलने में हमें 7 घंटे लग गए।
'ये न्याय का पहला कदम'
राहुल गांधी ने कहा कि यह न्याय का पहला कदम है। केस दर्ज हो गया। छर्रे आंख और शरीर में हैं...आंख से इनको दिखाई नहीं देता है। साफ दिखाई दे रहा है कि एक युवा के साथ अन्याय हुआ है। एक महीने से शिकायतकर्ता घूम रहे थे और सुबह 11:30 बजे हम आए थे और अब 6:45 हो रहे हैं तब जाकर एफआईआर दर्ज हुई है।
रायबरेली सांसद ने कहा, ''अब आप सोचिए, देशभर में कितने महिलाओं का बलात्कार होता है। कितने बच्चों को मारा जाता है। कितने लोगों को गोली मारी जाती है। कितने लोगों के शरीर में छर्रे होते हैं। दिल्ली के बीचों-बीच पुलिस स्टेशन मौजूद है, यहां पर हमें न्याय नहीं मिल रहा है। अब सोचिए गांव या छोटे शहर के पुलिस स्टेशन में क्या स्थिति होगी...।''
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: पैलेट गन मामले में राहुल गांधी की रंग लाई मेहनत! दिल्ली पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ दर्ज की FIR
राहुल गांधी ने कहा कि हमने कोई गलत काम नहीं किया। हमने सिर्फ एक हिंदुस्तान के नागरिक और उसकी मां-पिता के लिए न्याय मांगा है। उसके लिए सात घंटे लग गए... उन्होंने दावा किया कि प्राथमिकी दर्ज करने की अंतिम मंजूरी गृह सचिव और अमित शाह से मिलने के बाद ही एफआईआर दर्ज की गई। राहुल गांधी ने कहा, ''अब आप समझ सकते हैं कि प्राथमिकी दर्ज करने को कौन रोक रहा था।''
उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस अधिकारी प्राथमिकी दर्ज करना चाहते थे और अन्य अधिकारी भी ऐसा करना चाहते थे, लेकिन 'न्याय की राह में ब्रेक ऊपर से लगाया जा रहा था।' राहुल गांधी ने कहा कि मामले में एफआईआर दर्ज होना न्याय की दिशा में पहला कदम है।
