TMC MP Derek O'Brien suspended : तृणमूल कांग्रेस के सांसद डेरेक ओ ब्रायन को 'अमर्यादित आचरण' के लिए गुरुवार को राज्यसभा से निलंबित कर दिया गया। उनका यह निलंबन शीतकालीन सत्र की बची हुई अवधि के लिए हुआ है। दरअसल, उच्च सदन में विपक्ष ने जब बुधवार को लोकसभा में हुई सुरक्षा में सेंध की घटना को उठाया तो उस दौरान ब्रायन उग्र हो गए। राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ के मुताबिक टीएमसी सांसद सदन के सौंध में आकर नारेबाजी कर रहे थे। उन्होंने सदन की कार्यावाही बाधित की और उन्होंने 'अमर्यादित आचरण' किया। ब्रायन के निलंबन के बाद राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर दो बजे तक स्थगित कर दी गई।
सभापति को मिले कार्य स्थगन के 28 प्रस्ताव
गुरुवार को राज्यसभा की कार्यवाही शुरू होने के एक घंटे बाद विपक्ष के सांसद अपनी सीट से उठकर सदन के सौंध में आ गए और सुरक्षा में सेंध पर चर्चा कराने की मांग एवं नारेबाजी करने लगे। इस मुद्दे पर चर्चा करने के लिए विपक्षी सदस्यों की ओर से कार्य स्थगन के 28 प्रस्ताव सभापति को मिले थे। हालांकि, चेयरमैन धनखड़ ने इसकी इजाजत नहीं दी, जिसके बाद सांसद सदन के सौंध में आ गए।
धनखड़ ने सांसदों के 'अमर्यादित आचरण' की निंदा की
नारेबाजी करते हुए विपक्षी सांसदों ने सदन में गृह मंत्री के जवाब की मांग की। इस पर धनखड़ ने सांसदों के 'अमर्यादित आचरण' की निंदा की। उन्होंने कहा कि आचरण से नियमों का उल्लंघन हुआ। इसी दौरान टीएमसी सांसद ब्रायन चेयरमैन के आसन के सामने आ गए और हवा में अपनी दोनों हाथों को उठाया। इस पर सभापति नाराज हुए और उन्होंने ब्रायन का नाम लेते हुए उन्हें सदन छोड़कर जाने के लिए कहा।
