TMC leaders Protest: कोलकाता में गुरुवार को I-PAC कार्यालय पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) के छाप के खिलाफ तृणमूल कांग्रेस सड़कों पर आ गई है। शुक्रवार टीएमसी के सांसदों डेरेक ओ ब्रायन, महुआ मोइत्रा, शताब्दी रॉय एवं अन्य नेताओं ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दिल्ली स्थित कार्यालय के बाहर प्रदर्शन शुरू किया। इसके बाद इन नेताओं को हिरासत में ले लिया गया। ईडी के इस छापे पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि उनके चुनाव अभियान एवं प्लानिंग की चोरी की जा रही है।
गृह मंत्री के कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करते टीएमसी के सांसद। तस्वीर-PTI
हिरासत में लिए गए नेताओं को दिल्ली पुलिस पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन लेकर आई और उन्हें वहां रखा। धरना दे रहीं महुआ ने कहा कि हम भाजपा को हराएंगे। दिल्ली पुलिस सांसदों के साथ कैसा बर्ताव कर रही है, यह देश की जनता देख रही है।
हिरासत में टीएमसी के 8 सांसद
दिल्ली पुलिस के मुताबिक अभी इन सांसदों को लॉ एंड आर्डर खराब न हो इसकी वजह से हिरासत में लिया गया है जिन्हें बाद में छोड़ दिया जाएगा। धरना दे रहे इन आठ सांसदों को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया है।- डेरेक ओ ब्रायन
- शताब्दी रॉय
- महुआ मोइत्रा
- बापी हलदर
- साकेत गोखले
- प्रतिमा मंडल
- कीर्ति आजाद
- डॉ. शर्मिला सरकार
धरना दे रहे नेताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया
गृह मंत्री के कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करने वालों में डेरेक, शताब्दी, मोइत्रा के अलावा कीर्ति आजाद एवं अन्य नेता शामिल हैं। ये नेता ईडी की कार्रवाई के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। फिर दिल्ली पुलिस ने इन्हें वहां से हटाते हुए उन्हें हिरासत में ले लिया। कीर्ति आजाद ने कहा कि 'ईडी ने गलत तरीके से छापा मारा। यह अलोकतांत्रिक तरीके से चुनाव जीतने का प्रयास है। इस तरीके से भाजपा चुनाव नहीं जीत पाएगी।'
टीएमसी को पहचान गई है बंगाल की जनता-भाजपा
वहीं, पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष व सांसद समिक भट्टाचार्य ने TMC के धरना प्रदर्शन करने पर कहा, 'TMC पश्चिम बंगाल की जनता के सामने धरना नहीं दे सकती है। यहां की जनता TMC को पहचान गई है, आज बंगाल की स्थिति को देखकर जनता हंस रही है। हम लोग लोकतांत्रिक तरीके से लड़ाई लड़ रहे हैं और उसी के हिसाब से इस सरकार को गिराएंगे।"
वे हमारे दस्तावेज चुराने की कोशिश करते हैं-ममता
वहीं, ईडी के रेड के खिलाफ टीएमसी कोलकाता में प्रदर्शन करेगी। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शुक्रवार को विरोध रैली निकालने की घोषणा की है। ममता बनर्जी ने दावा किया कि केंद्रीय एजेंसियों की इस तरह की कार्रवाई चुनावों से पहले राजनीतिक रूप से प्रेरित है। राज्य विधानसभा के लिए इस साल अप्रैल-मई महीने में चुनाव होने की संभावना है। मुख्यमंत्री ने गंगासागर मेले के लिए बाबूघाट में एक बनाए गए ‘ट्रांजिट कैंप’ का बृहस्पतिवार को उद्घाटन करने के बाद लोगों को संबोधित करते हुए कहा, ‘अगर वे एसआईआर (मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण) को लेकर हम पर हमला करते हैं, मेरे खिलाफ झूठा मामला बनाते हैं या हमारे दस्तावेज चुराने की कोशिश करते हैं, तो क्या मुझे ऐसे प्रयासों का विरोध नहीं करना चाहिए?’
