Tiger Shroff Firing Case: बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ से जुड़े फायरिंग मामले में एक नया मोड़ सामने आया है। केस के मुख्य हमलावर फूल सिंह ने अदालत में खुद को नाबालिग बताते हुए एक आवेदन दाखिल किया है। उसने दावा किया है कि घटना के समय उसकी उम्र 18 साल से कम थी। इस आवेदन के बाद अदालत ने उसकी उम्र की जांच कराने का आदेश दिया है और 15 दिनों के भीतर रिपोर्ट सौंपने को कहा है।
टाइगर श्रॉफ के घर फायरिंग करने वाला हमलावर ने खुद को बताया नाबालिग।
कोर्ट में फूल सिंह ने क्या दलील दी?
सुनवाई के दौरान फूल सिंह ने अदालत में कहा कि उसे अपने वकील से बातचीत करने की अनुमति नहीं दी गई थी। इसी वजह से वह पहले अदालत को यह नहीं बता पाया कि वह नाबालिग है। उसने अपनी उम्र को लेकर आवेदन दाखिल करते हुए कोर्ट से इस मामले की जांच कराने की मांग की। फूल सिंह की इस दलील के बाद अदालत ने उसकी उम्र से जुड़े दस्तावेजों और तथ्यों की जांच के निर्देश दिए हैं।
15 दिनों में उम्र की जांच कर रिपोर्ट सौंपने का आदेश
फूल सिंह के आवेदन पर सुनवाई करते हुए अदालत ने उसकी वास्तविक उम्र का पता लगाने के लिए जांच कराने का आदेश दिया है। कोर्ट ने संबंधित अधिकारियों को 15 दिनों के भीतर जांच पूरी कर रिपोर्ट जमा करने को कहा है।
अब इस जांच रिपोर्ट के आधार पर यह तय होगा कि घटना के समय फूल सिंह बालिग था या नाबालिग। उम्र की पुष्टि होने के बाद उसके खिलाफ कानूनी कार्यवाही की प्रक्रिया और उस पर लागू कानूनी प्रावधानों को लेकर फैसला हो सकेगा।
