Three Naxalites killed in Sukma- छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में रविवार को सुरक्षाकर्मियों के साथ मुठभेड़ में तीन नक्सली मारे गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण ने बताया कि सुबह भेज्जी और चिंतागुफा थाना क्षेत्रों की जंगली पहाड़ियों में उस समय मुठभेड़ शुरू हो गई जब जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) की एक टीम क्षेत्र में माओवादी कार्यकर्ताओं की मौजूदगी की सूचना के आधार पर नक्सल विरोधी अभियान पर निकली थी।
सुकमा में 3 नक्सली मारे गए (File photo: ANI)
दो महिलाओं समेत तीन नक्सलियों के शव बरामद
उन्होंने बताया कि दोनों ओर से काफी देर तक रुक-रुक कर गोलीबारी होती रही, जिसके बाद घटनास्थल से दो महिलाओं समेत तीन नक्सलियों के शव बरामद किए गए। अधिकारी ने बताया कि मुठभेड़ स्थल से एक .303 राइफल, बैरल ग्रेनेड लॉन्चर (बीजीएल), अन्य हथियार और विस्फोटक भी बरामद किए गए। चव्हाण ने बताया कि मारे गए नक्सलियों की पहचान एरिया कमेटी सदस्य माडवी देवा, सीएनएम (चेतना नाट्य मंडली- माओवादियों का एक सांस्कृतिक संगठन) कमांडर पोडियाम गंगी और किस्टाराम एरिया कमेटी सदस्य सोढ़ी गंगी के रूप में हुई है। दोनों महिलाएं थीं। इन सभी पर 5-5 लाख रुपये का इनाम था।
कोंटा एरिया कमेटी का खूंखार सदस्य देवा ढेर
अधिकारी ने बताया कि देवा, जो एक स्नाइपर विशेषज्ञ और माओवादियों की कोंटा एरिया कमेटी का एक खूंखार सदस्य था, कई निर्दोष नागरिकों की हत्या में शामिल था। उन्होंने बताया कि आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान अभी भी जारी है। बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पट्टिलिंगम ने कहा कि बस्तर क्षेत्र में नक्सलवाद अब अपने अंतिम चरण में है और माओवादी कार्यकर्ताओं के पास हिंसा का रास्ता छोड़कर सरकार की पुनर्वास नीति को अपनाने के अलावा कोई विकल्प नहीं है।
इस साल अब तक 233 नक्सली ढेर
उन्होंने बताया कि सुकमा समेत सात जिलों वाले बस्तर क्षेत्र में इस साल अब तक केंद्रीय समिति के सदस्यों, दंडकारण्य विशेष क्षेत्रीय समिति के सदस्यों और पीपुल्स लिबरेशन गुरिल्ला आर्मी (पीएलजीए) के कार्यकर्ताओं सहित कुल 233 माओवादी मारे गए हैं। इस नवीनतम कार्रवाई के साथ, इस साल अब तक छत्तीसगढ़ में मुठभेड़ों में 262 नक्सली मारे जा चुके हैं। इनमें से 233 बस्तर संभाग में मारे गए, जबकि 27 अन्य गरियाबंद ज़िले में मारे गए, जो रायपुर संभाग में आता है। दुर्ग संभाग के मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी ज़िले में दो नक्सली मारे गए।
पिछले महीने, छत्तीसगढ़ में लगभग 300 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया, जबकि वरिष्ठ नक्सली मल्लोजुला वेणुगोपाल राव उर्फ भूपति और 60 अन्य कार्यकर्ताओं ने महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में हथियार डाल दिए। केंद्र ने मार्च 2026 तक देश से नक्सलवाद को खत्म करने का संकल्प लिया है।
उन्होंने बताया कि अब तक मुठभेड़ में तीन नक्सली मारे गए हैं और अभियान अभी भी जारी है। इस नवीनतम कार्रवाई के साथ, इस वर्ष अब तक छत्तीसगढ़ में मुठभेड़ों में 262 नक्सली मारे जा चुके हैं। इनमें से 233 नक्सली बस्तर संभाग (जिसमें सुकमा समेत सात जिले शामिल हैं) में मारे गए, जबकि 27 अन्य नक्सली रायपुर संभाग के गरियाबंद जिले में मारे गए। दुर्ग संभाग के मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में दो नक्सली मारे गए।
