भारत से फरार चल रहे तीन कुख्यात गैंगस्टरों को मलेशिया से भारत लाया गया है। केंद्रीय गृह मंत्रालय के कार्यालय ने इस बात की जानकारी दी है। गृहमंत्रालय ने बताया कि भारतीय एजेंसियों ने मलेशिया में फरार चल रहे तीन भारतीय गैंगस्टरों को गिरफ्तार कर भारत वापस लाने में सफलता हासिल की है। तीनों आरोपियों को भारत लाने के बाद पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।
गृह मंत्रालय ने दी अहम जानकारी।
गृह मंत्री कार्यालय के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान जसप्रीत सिंह, अजय सिंह और पवंदीप सिंह के रूप में हुई है। तीनों के बंबीहा गैंग से जुड़े होने का आरोप है। सुरक्षा और जांच एजेंसियों का कहना है कि इन तीनों पर जबरन वसूली, सीमा पार हथियारों और मादक पदार्थों की तस्करी समेत कई आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने के आरोप हैं। इतना ही नहीं आरोप है कि ये तीनों लुधियाना में ग्रेनेड हमले की नाकाम साजिश में भी शामिल थे। अब भारतीय एजेंसियां इनकी आपराधिक गतिविधियों और नेटवर्क की जांच कर रही हैं।
गृह मंत्री कार्यालय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सुरक्षित और सुदृढ़ भारत के विजन के तहत भारतीय एजेंसियां विदेशों में छिपे कुख्यात अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही हैं। साल 2026 में अब तक 51 कुख्यात अपराधियों को भारत वापस लाने में एजेंसियों ने मदद की है। सरकार के मुताबिक, विदेशों में छिपकर आपराधिक गतिविधियों को संचालित करने वाले आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई को और तेज किया जा रहा है। मलेशिया से तीनों आरोपियों का प्रत्यर्पण इसी अभियान का हिस्सा बताया गया है।
