यह तो क्रांति है, क्या 10-15 साल पहले सोचते थे ऐसा होगा, CM गहलोत ने की मोदी सरकार की तारीफ

  • Agency by: Agency
  • Updated Oct 27, 2022, 09:57 PM IST

नए मेडिकल कॉलेज खोलने की यूपीए की पहल जारी रखने के लिए राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत (Ashok Gehlot) ने मोदी सरकार की तारीफ की। मुख्यमंत्री ने कहा कि एमबीबीएस, एमडी सीटों में इतना बड़ा जंप हुआ है। यह तो क्रांति है।

जयपुर : राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत (Ashok Gehlot) ने नए मेडिकल कॉलेजों के स्थापना की पूर्ववर्ती यूपीए सरकार के पहल को जारी रखने के लिए केंद्र की मौजूदा भाजपा नीत सरकार की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि देश में एमबीबीएस और एमडी की सीटों की संख्या तेजी से बढ़ी है जो एक तरह की क्रांति है और केंद्र सरकार के साथ-साथ राज्य सरकारों ने स्वास्थ्य क्षेत्र पर ध्यान केंद्रित किया है।

Ashok Gehlot

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत

एमबीबीएस, एमडी सीटों में इतना बड़ा जंप हुआ, ये तो क्रांति है

गहलोत गुरुवार को मुख्यमंत्री निवास पर मेडिकल महाविद्यालयों के प्राचार्यों के साथ आयोजित बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने राज्य के सभी मेडिकल महाविद्यालयों के प्राचार्यों से संवाद किया और राज्य सरकार की विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं पर फीडबैक लिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि एमबीबीएस, एमडी सीटों में इतना बड़ा जंप हुआ है। यह तो क्रांति है एक तरह से। क्या आप और हम 10—15 साल पहले सोचते थे कि इस तरह का बदलाव आएगा। मेडिकल कॉलेज में 100-50 सीटें होती थीं... मेडिकल की तरफ ध्यान दिया है भारत सरकार ने, राज्य सरकारों ने भी ध्यान दिया है।

मेडिकल कॉलेज खोलने की योजना यूपीए सरकार के कार्यकाल में हुई थी शुरू

हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि अब प्राचार्यों की जिम्मेदारी है कि डॉक्टर बनने वाले छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मुहैया कराई जाए। उन्होंने कहा कि नए मेडिकल कॉलेज खोलने की योजना देश में यूपीए सरकार के कार्यकाल में शुरू हुई थी। गहलोत ने कहा कि केंद्र में यूपीए सरकार के कार्यकाल में यह योजना शुरू हुई थी, सौभाग्य से राजग सरकार ने उसे बंद नहीं किया और उसे आगे बढ़ाया।

End of Feed