Bihar Politics: बिहार की सियासत में इन दिनों जबरदस्त उठापटक देखने को मिल रही है। एक तरफ जहां बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव (Bankipur Assembly By-Election) और एनडीए की बैठकों को लेकर राज्य का राजनीतिक पारा चढ़ा हुआ है, वहीं दूसरी तरफ राजद नेता तेज प्रताप यादव (Tej Pratap Yadav) के एक दावे ने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है। तेज प्रताप यादव ने वृंदावन से सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा करते हुए दावा किया है कि बिहार की मौजूदा एनडीए सरकार बहुत जल्द गिरने वाली है।
तेज प्रताप यादव की भविष्यवाणी (फाइल फोटो)
उन्होंने कहा कि उनकी यह भविष्यवाणी सच साबित होगी और बिहार में बहुत जल्द सत्ता परिवर्तन होने जा रहा है। तेज प्रताप ने यह भी आरोप लगाया कि नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को फटकार लगाई है। हालांकि, तेज प्रताप के इन दावों के उलट शनिवार को पटना में मुख्यमंत्री आवास पर एनडीए गठबंधन के सभी सहयोगी दलों की एक बेहद महत्वपूर्ण और बड़ी बैठक आयोजित की गई।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: बांकीपुर के बाद दतिया में भी BJP का बड़ा सरप्राइज, नरोत्तम मिश्रा का टिकट काट आशुतोष तिवारी को बनाया उम्मीदवार
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में हुई इस बैठक को आगामी बांकीपुर उपचुनाव और राज्य के मौजूदा राजनीतिक हालात के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है। इस बैठक में एनडीए के सभी पांचों सहयोगी दलों के दिग्गज नेता एक साथ एक मंच पर नजर आए, जिससे गठबंधन के भीतर किसी भी तरह के मतभेद की खबरों पर विराम लग गया। इस बैठक में विशेष रूप से पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा, उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी और प्रदेश अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा समेत सरकार के सभी मंत्री और जिलों के पार्टी अध्यक्ष शामिल हुए।
बैठक के बाद जेडीयू एमएलसी संजय गांधी ने मीडिया को बताया कि बैठक के भीतर माहौल बेहद सकारात्मक था। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के अब तक के कामकाज की जमकर सराहना की और भरोसा जताया कि यह सरकार राज्य के विकास कार्यों को और तेज गति से आगे बढ़ाएगी। बैठक में सभी दलों ने एकजुट होकर आगामी राजनीतिक चुनौतियों का सामना करने और सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
