LIVE

ताजा खबर, 10 दिसंबर 2025 हिंदी न्यूज़: दिल्ली हाई कोर्ट ने केंद्र सरकार से इंडिगो संकट पर तीखे सवाल पूछे

ताजा खबर (Taaja Khabar), Latest Breaking Hindi News (ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़), [संसद का शीतकालीन सत्र], [इंडिगो संकट] [केंटुकी विश्वविद्यालय में फायरिंग ] के मुख्य समाचार (Mukhya Samachar): संसद के शीतकालीन सत्र आज भी जारी रहेगा और लोकसभा में चुनाव सुधार पर चर्चा होगी। मंगलवार को लोकसभा में चुनाव सुधारों पर जबकि राज्यसभा में वंदे मातरम् के 150 वर्ष के उपलक्ष्य में चर्चा हुई थी। इंडिगो की उड़ानों में देरी और रद्द होने से यात्री बेहद परेशान है और सिलसिला आज भी जारी है। वहीं, बेल्जियम के सर्वोच्च न्यायालय, कोर्ट ऑफ केसैशन, ने मंगलवार को भगोड़े हीरा व्यापारी मेहुल चोकसी की अपील को खारिज कर दिया। चोकसी इस अपील में पंजाब नेशनल बैंक में 13,000 करोड़ रुपये के कथित घोटाले से संबंधित भारत प्रत्यर्पण को चुनौती दे रहे थे। यह जानकारी स्थानीय अधिकारियों ने साझा की। वहीं, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने रूस को रियायतें देने के अमेरिकी दबाव का विरोध करते हुए किसी भी क्षेत्र को छोड़ने से साफ इनकार कर दिया है। मंगलवार को उन्होंने अपने देश के लिए यूरोपीय समर्थन बढ़ाने की दिशा में कदम बढ़ाया। उधर, अमेरिका के केंटकी स्टेट यूनिवर्सिटी में मंगलवार को हुई गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई और एक की हालत गंभीर है। गवर्नर कार्यालय के अनुसार, एक संदिग्ध हिरासत में है।
ताजा खबर, 10 दिसंबर 2025 हिंदी न्यूज़: दिल्ली हाई कोर्ट ने केंद्र सरकार से इंडिगो संकट पर तीखे सवाल पूछे
  • अमेरिका के केंटकी स्टेट यूनिवर्सिटी में फायरिंग
  • बेल्जियम सुप्रीम कोर्ट में मेहुल चोकसी की अपील खारिज
  • जेलेंस्की ने कोई भी इलाका छोड़ने से किया साफ इनकार
Dec 10, 2025 | 04:33 PM IST

अमरोहा में माता-पिता के बीच गलती से कुचलने से 26 दिन के बच्चे की मौत

उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले के गजरौला इलाके में हुई एक अजीबोगरीब घटना में रात में सोते समय माता-पिता के करवट लेने से उनके नीचे कुचलकर उनके 26 दिन के बच्चे की मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने यह बताया कि गजरौला इलाके में सद्दाम अब्बासी और उसकी पत्नी अस्मा पिछली शनिवार की रात सो रहे थे। इस दौरान उन्होंने अपने 26 दिन के बच्चे सूफियान को अपने बीच में लेटा लिया। रात में दंपती के करवट बदलने से बच्चा उनके नीचे दब गया जिससे उसकी मौत हो गई।
Dec 10, 2025 | 03:50 PM IST

अगले साल भारत में होगी राष्ट्रमंडल खो खो चैंपियनशिप

अगले साल नौ से 14 मार्च तक भारत में होने वाली पहली राष्ट्रमंडल खो खो चैंपियनशिप में 24 से ज्यादा देश शिरकत करेंगे।
हालांकि इसके लिए भारत में जगह अभी तय नहीं हुई है।
राष्ट्रमंडल खेल (सीएस) की भारत में चैंपियनशिप के लिए मंजूरी मिलने के बाद भारतीय खो खो महासंघ जगह तय करने के लिए कई राज्यों से बात कर रहा है।

इस टूर्नामेंट में पुरुषों की 16 और इतनी ही महिलाओं की टीम हिस्सा लेंगी। यह टूर्नामेंट इस साल जनवरी में दिल्ली में हुए पहले खो खो विश्व कप की तरह होगा जिसमें 23 देशों ने हिस्सा लिया था।
अहमदाबाद को हाल में 2030 राष्ट्रमंडल खेलों के लिए मेजबान शहर के तौर पर आधिकारिक रूप से पुष्टि किए जाने के बाद यह भारत में पहला राष्ट्रमंडल खो खो टूर्नामेंट होगा।
Dec 10, 2025 | 03:23 PM IST

स्कूली छात्रों के 12 साल की उम्र से ही नशीले पदार्थों की चपेट में आने का खतरा : सर्वेक्षण

भारत के 10 शहरों के स्कूली छात्रों के एक सर्वेक्षण में पाया गया कि उनके 12 से 13 वर्ष की आयु के बीच ही नशीले पदार्थों की चपेट में आने का खतरा हो सकता है, जिससे पता चलता है कि माध्यमिक विद्यालय पहुंचने से पहले ही हस्तक्षेप की आवश्यकता है। यहां स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के शोधकर्ताओं सहित अन्य अध्ययनकर्ताओं ने दिल्ली, बेंगलुरु और हैदराबाद सहित अन्य शहरों में स्थित शहरी सरकारी, शहरी निजी और ग्रामीण विद्यालयों के आठवीं, नौवीं, 11वीं और 12वीं कक्षा के 5,900 से अधिक छात्रों से प्रश्न पूछे।

प्रश्न मादक पदार्थों के सेवन की आवृत्ति और उस उम्र से संबंधित थे जब किसी प्रतिभागी ने तंबाकू, शराब, भांग या अन्य नशीले पदार्थों का सेवन शुरू किया था। इस शोध के लेखकों ने 'नेशनल मेडिकल जर्नल ऑफ इंडिया' में प्रकाशित अध्ययन में लिखा, 'किसी भी प्रकार के मादक पदार्थों के सेवन की शुरुआत की उम्र 12.9 वर्ष (सीमा 11-14 वर्ष) पाई गई, जो अन्य भारतीय अध्ययनों के समान है और कई अन्य रिपोर्ट की तुलना में कम है।'
Dec 10, 2025 | 01:42 PM IST

दिल्ली हाई कोर्ट ने केंद्र सरकार से इंडिगो संकट पर तीखे सवाल पूछे

Delhi HC IndiGo Crisis: दिल्ली हाई कोर्ट ने बुधवार को केंद्र से इंडिगो संकट पर तीखे सवाल किए। इंडिगो संकट के कारण सैकड़ों उड़ानें रद्द हुईं और घरेलू हवाई किराए अचानक आसमान पर पहुंच गए। कुछ टिकटों की कीमतें लगभग 40,000 रुपये तक पहुंच गईं। अदालत ने सवाल किया कि अराजकता के बीच एयरलाइनों को किराया बढ़ाने की अनुमति क्यों दी गई, न्यायमूर्ति गेडेला ने पूछा, अगर कोई संकट था, तो अन्य एयरलाइनों को फायदा उठाने की अनुमति कैसे दी जा सकती है? यह 35,000 से 39,000 तक कैसे जा सकता है? अन्य एयरलाइंस कैसे चार्ज करना शुरू कर सकती हैं? यह कैसे हो सकता है?
Dec 10, 2025 | 12:42 PM IST

गोवा नाइट क्लब आग: मुख्यमंत्री सावंत ने क्रिसमस, नववर्ष से पहले उच्चस्तरीय बैठक की

गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने नाइट क्लब में आग लगने से 25 लोगों की मौत होने के बाद बुधवार को अधिकारियों और पर्यटन क्षेत्र से जुड़े हितधारकों के साथ उच्च-स्तरीय बैठक की, ताकि क्रिसमस और नववर्ष के उत्सवों से पहले कड़े सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किया जा सकें। बैठक में उत्तर एवं दक्षिण गोवा जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के अधिकारी उपस्थित थे, साथ ही राज्य पर्यटन मंत्री रोहन खुंटे ने भी इसमें भाग लिया। बैठक छह दिसंबर को उत्तर गोवा के अरपोरा में स्थित ‘बर्च बाय रोमियो लेन’ नाइटक्लब में आग लगने से 25 लोगों की मौत की घटना के बाद की गई।
Dec 10, 2025 | 12:39 PM IST

पश्चिम बंगाल के नदिया जिले में कचरा स्थल पर पड़े मिले मतदाता पहचान पत्र

पश्चिम बंगाल के नदिया जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग 12 के पास बुधवार को एक बोरा पड़ा मिला, जिसमें मतदाता फोटो पहचान पत्र भरे हुए थे। पुलिस ने यह जानकारी दी। स्थानीय निवासियों ने शांतिपुर में कचरा स्थल के पास पड़े पहचान पत्र वाले बोरे को देखा और पुलिस को सूचित किया। एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस टीम ने स्थल का निरीक्षण किया और बोरा सत्यापन के लिए थाने ले जाया गया। मामले की जांच जारी है।
Dec 10, 2025 | 12:10 PM IST

दीपावली उत्सव यूनेस्को की मानवता की अमूर्त सांस्कृतिक विरासत सूची में शामिल

भारत के प्रमुख उत्सव दीपावली को बुधवार को यूनेस्को की मानवता की अमूर्त सांस्कृतिक विरासत की सूची में शामिल किया गया। दिल्ली में लाल किले पर आयोजित यूनेस्को की एक अहम बैठक में यह फैसला लिया गया। यह पहली बार है कि भारत अमूर्त सांस्कृतिक विरासत (आईसीएच) के संरक्षण के लिए अंतरसरकारी समिति के सत्र की मेजबानी कर रहा है। इस समिति का 20वां सत्र लाल किले में आठ से 13 दिसंबर तक आयोजित किया जा रहा है। यूनेस्को द्वारा दीपावली उत्सव को प्रतिष्ठित सूची में शामिल किए जाने की घोषणा के बाद ‘वंदे मातरम’ और ‘भारत माता की जय’ के नारे हवा में गूंज उठे। भारत की 15 चीजें वर्तमान में यूनेस्को की अमूर्त सांस्कृतिक विरासत की सूची में शामिल हैं, जिनमें कुंभ मेला, कोलकाता की दुर्गा पूजा, गुजरात का गरबा नृत्य, योग, वैदिक मंत्रोच्चार की परंपरा और रामलीला - महाकाव्य ‘रामायण’ का पारंपरिक प्रदर्शन शामिल हैं।
Dec 10, 2025 | 11:14 AM IST

निर्वाचन आयोग को वोट चोरी करने का हथियार बना रही बीजेपी- राहुल का आरोप

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी निर्वाचन आयोग को वोट चोरी करने का हथियार बना रही है। राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट किया, भारत की जनता ये तीन बहुत ज़रूरी और सीधे सवाल पूछ रही है। प्रधान न्यायाधीश को निर्वाचन आयोग से संबंधित चयन समिति से क्यों हटाया? 2024 चुनाव से पहले निर्वाचन आयोग को लगभग पूरी कानूनी सुरक्षा क्यों दी? सीसीटीवी फुटेज 45 दिन में नष्ट करने की इतनी जल्दबाज़ी क्यों? उन्होंने आरोप लगाया कि जवाब एक ही है कि निर्वाचन आयोग को वोट चोरी करने का औज़ार बनाया जा रहा है।
Dec 10, 2025 | 10:44 AM IST

गोवा में बर्च बाय रोमियो लेन आग की घटना में गोवा पुलिस ने आरोपी पार्टनर अजय गुप्ता को नई दिल्ली से हिरासत में लिया है। उसके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया गया है। उसका कहना है कि मैं तो बस एक पार्टनर हूं। मुझे कुछ नहीं पता।

Dec 10, 2025 | 10:35 AM IST

सीकर जिले में बस और ट्रक की टक्कर, चार लोगों की मौत एवं 27 घायल: पुलिस

राजस्थान के सीकर जिले में मंगलवार देर रात बस और ट्रक की आमने-सामने की टक्कर होने से चार लोगों की मौत हो गई और 27 अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि स्लीपर बस बीकानेर से जयपुर की ओर आ रही थी और फतेहपुर के पास उसकी ट्रक से भिड़ंत हो गई। उसने बताया कि हादसे में चार लोगों की मौत हो गई और 15 घायलों को सीकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि 13 का फतेहगढ़ में प्राथमिक इलाज किया गया। पुलिस ने बताया कि बस में सवार लोग जम्मू कश्मीर घूमने के बाद गुजरात लौट रहे थे।
Dec 10, 2025 | 10:00 AM IST

नरेंद्र मोदी के बाद देश के प्रधानमंत्री कौन होंगे? भागवत ने दिया ये जवाब

नरेंद्र मोदी के बाद देश के प्रधानमंत्री कौन होंगे? जब ये सवाल संघ प्रमुख मोहन भागवत से एक कार्यक्रम में पूछा गया तो उन्होंने तस्वीर साफ कर दी। दरअसल, तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष समारोह का आयोजन किया गया था। इस कार्यक्रम में आरएसएस सर संघ चालक मोहन भागवत बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे थे। इस दौरान उनसे सवाल पूछा गया कि नरेंद्र मोदी के बाद अगला प्रधानमंत्री कौन होगा? इस सवाल का जवाब देते हुए मोहन भागवत ने कहा कि ये फैसला बीजेपी और मोदी करेंगे। चेन्नई में आरएसएस के शताब्दी वर्ष समारोह में भागवत की प्रतिक्रिया को व्यापक रूप से इस बात का संकेत माना गया कि संघ का भाजपा के उत्तराधिकार विवाद में शामिल होने का कोई इरादा नहीं है। टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार, भागवत ने आरएसएस कार्यकर्ताओं से कहा कि भाजपा और मोदी इस पर चर्चा करेंगे और निर्णय लेंगे।
Dec 10, 2025 | 09:31 AM IST

सागर में सड़क हादसा, 4 जवानों की मौत

Sagar Road Accident: मध्य प्रदेश के सागर में बुधवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। एनएच-44 पर एक ट्रक से बम निरोधक दस्ते के वाहन की जोरदार भिड़ंत हो गई। जिसमें चार जवानों की मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल हो गया।
Dec 10, 2025 | 08:46 AM IST

ट्रंप बोले- 10 महीनों में मैंने आठ युद्ध समाप्त कराए

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा- 10 महीनों में मैंने आठ युद्ध समाप्त कराए, जिनमें कोसोवो-सर्बिया, पाकिस्तान और भारत शामिल हैं। ये देश आपस में लड़ रहे थे। इजराइल और ईरान, मिस्र और इथियोपिया, आर्मेनिया और अजरबैजान। मुझे यह कहते हुए दुख हो रहा है, लेकिन कंबोडिया और थाईलैंड ने आज फिर से युद्ध शुरू कर दिया है। कल मुझे एक फोन करना होगा। मैं एक फोन करके दो बहुत शक्तिशाली देशों, थाईलैंड और कंबोडिया के बीच युद्ध रोकूंगा। वे फिर से आपस में लड़ रहे हैं। लेकिन मैं ऐसा करूंगा। इसलिए हम शक्ति के बल पर शांति स्थापित कर रहे हैं।
Dec 10, 2025 | 08:40 AM IST

पोप ने यूक्रेन में शांति समझौते में यूरोप की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया

पोप लियो 14वें ने मंगलवार को कहा कि यूक्रेन शांति समझौते में यूरोप की भूमिका अनिवार्य है और उन्होंने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नेतृत्व वाले प्रशासन की उस कोशिश की आलोचना की जिसका उद्देश्य लंबे समय से बरकरार अमेरिका-यूरोप गठबंधन को तोड़ना है। लियो यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की से मुलाकात के बाद पत्रकारों से बात कर रहे थे। जेलेंस्की कीव के लिए यूरोपीय समर्थन जुटाने के मकसद से एक बार फिर दौरे पर हैं। अमेरिकी पोप ने कहा कि इस मुलाकात के दौरान युद्धविराम की जरूरत और रूसी अधिकारियों द्वारा ले जाए गए यूक्रेनी बच्चों की वापसी में वेटिकन की मध्यस्थता के प्रयासों पर चर्चा हुई। पोप से अमेरिकी शांति प्रस्ताव और वार्ता प्रक्रिया में यूरोपीय शक्तियों को किनारे किए जाने के बारे में पूछा गया। इस पर उन्होंने कहा कि किसी भी समझौते में यूरोप की भूमिका महत्वपूर्ण है।
Dec 10, 2025 | 08:09 AM IST

हैती में गिरोहों के बीच हिंसक झड़प, दर्जनों लोग मारे गए

एक स्थानीय मानवाधिकार समूह ने मंगलवार को बताया कि हैती की राजधानी में एक शक्तिशाली गिरोह गठबंधन के भीतर हुई हिंसक झड़पों में दर्जनों लोग मारे गए हैं, जिनमें 10 बच्चे भी शामिल हैं। मारे गए लोगों में पोर्ट-ऑ-प्रिंस के बेल-एयर स्लम में रहने वाले गिरोह के सबसे बड़े सदस्यों में से एक, डेडे भी शामिल है। शांति और विकास समिति के अनुसार, उसका सिर कलम कर दिया गया, जबकि शक्तिशाली गिरोह का नेता और पूर्व पुलिस अधिकारी केम्पेस सैनन घायल हो गया। यह तुरंत स्पष्ट नहीं हो पाया है कि सैनन कितनी गंभीर रूप से घायल हुआ है, हालांकि कई लोगों को चिंता है कि हाल के दिनों में शुरू हुई झड़पें पहले से ही 90 प्रतिशत गिरोहों के नियंत्रण वाले शहर में और भी अधिक हिंसा भड़का सकती हैं। मानवाधिकार समूह के अनुसार, सैनन की चोटों का इलाज चल रहा है और उनकी जगह जेम्सली और टी गैसन नाम के दो लोगों को रखा गया है।
Dec 10, 2025 | 08:05 AM IST

दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे का दृश्य, जहां उड़ान बाधित होने और रद्द होने के कारण इंडिगो यात्री फंसे हुए हैं।

Dec 10, 2025 | 07:59 AM IST

केंटकी स्टेट यूनिवर्सिटी में फायरिंग, 1 की मौत

Shooting at Kentucky State University- केंटकी स्टेट यूनिवर्सिटी में मंगलवार को हुई गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई और एक की हालत गंभीर है। गवर्नर कार्यालय के अनुसार, एक संदिग्ध हिरासत में है। फ्रैंकफोर्ट पुलिस ने कहा कि वे परिसर में हुई एक घटना पर कार्रवाई कर रहे हैं। गवर्नर एंडी बेशियर ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, जैसे ही और जानकारी उपलब्ध होगी, हम साझा करेंगे। कानून प्रवर्तन अधिकारी घटनास्थल पर हैं और एक संदिग्ध को गिरफ्तार कर लिया गया है। आइए, प्रभावित सभी लोगों के लिए प्रार्थना करें।
Dec 10, 2025 | 07:59 AM IST

बेल्जियम सुप्रीम कोर्ट में मेहुल चोकसी की अपील खारिज

बेल्जियम के सर्वोच्च न्यायालय, कोर्ट ऑफ केसैशन, ने मंगलवार को भगोड़े हीरा व्यापारी मेहुल चोकसी की अपील को खारिज कर दिया। चोकसी इस अपील में पंजाब नेशनल बैंक में 13,000 करोड़ रुपये के कथित घोटाले से संबंधित भारत प्रत्यर्पण को चुनौती दे रहे थे। यह जानकारी स्थानीय अधिकारियों ने साझा की। कोर्ट ऑफ कैसेशन के प्रवक्ता और एडवोकेट-जनरल हेनरी वेंडरलिंडेन ने बताया, “कोर्ट ऑफ कैसेशन ने अपील को खारिज कर दिया। इसलिए, अपीली अदालत का फैसला कायम है।” एंटवर्प की अपीली अदालत ने मेहुल चोकसी के भारत प्रत्यर्पण के अनुरोध को “संगत और लागू” मानते हुए पहले के फैसले को बरकरार रखा था। 29 नवंबर, 2024 को जिला अदालत की ‘प्री-ट्रायल चैंबर’ द्वारा जारी आदेशों की समीक्षा के दौरान, एंटवर्प की चार सदस्यीय अपीली अदालत ने कोई त्रुटि नहीं पाई।