2002 में गोधरा ट्रेन आगजनी मामले में दोषी ठहराए गए एक व्यक्ति को सुप्रीम कोर्ट ने बड़ी राहत दी है। सोमवार को मामले में सुनवाई करते हुए शीर्ष अदालत ने दोषी की उम्रकैद की सजा को मेडिकल आधार पर निलंबित कर दिया। जस्टिस एमएम सुंदरेश और प्रसन्ना बी वराले की बेंच ने ये आदेश जारी किया।
सुप्रीम कोर्ट
बता दें कि 2002 में गोधरा ट्रेन आगजनी मामले में दोषी इरफान सिराज पाडा ने अपने स्वास्थ्य का हवाला देते हुए याचिका दाखिल की थी। यह एप्लीकेशन उनकी पेंडिंग अपील में लगाई गई थी,जिसमें उन्होंने गुजरात हाई कोर्ट के अक्टूबर 2017 के फैसले को चुनौती दी थी,जिसमें इस मामले में उनकी सजा और उम्रकैद की सजा को बरकरार रखा गया था। सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता की मेडिकल कंडीशन का हवाला देते हुए उनके वकील ने कहा कि पाडा 18 साल से जेल में है।
जब जस्टिस एमएम सुंदरेश और प्रसन्ना बी वराले की बेंच दोषी इरफान सिराज पाडा की याचिका पर सुनवाई कर रही थी तब गुजरात सरकार के वकील ने याचिका का विरोध नहीं किया। जिसके बाद बेंच ने कहा कि पहले बताई गई असल स्थिति को देखते हुए, अदालत सिर्फ़ मेडिकल आधार पर पिटीशनर की सजा सस्पेंड करने के पक्ष में हैं।
बता दें कि 27 फरवरी 2002 को गुजरात के गोधरा में साबरमती एक्सप्रेस के एक कोच में आग लगा दी गई थी, जिसमें 59 लोग मारे गए थे। इस आगजनी के बाद पूरे गुजरात में दंगे भड़क गए थे। फिर इस मामले में जब गिरफ्तारियों का दौर शुरू हुआ तो इरफान सिराज पाडा को मार्च 2002 में गिरफ्तार किया गया था। फिर मार्च 2011 में एक ट्रायल कोर्ट ने उन्हें और कई अन्य लोगों को इस मामले में दोषी ठहराया था।
