Surya Grahan: देश के विभिन्न हिस्सों में दिखा सूर्य ग्रहण, श्रद्धालुओं ने सरोवरों, नदियों में लगाई डुबकी

  • Agency by: Agency
  • Updated Oct 25, 2022, 06:58 PM IST

देश में आज साल का आखिरी सूर्यग्रहण (Surya Grahan) लगा। 25 अक्टूबर को शाम 4.30 बजे से लेकर अंधेरा होने तक सूर्य ग्रहण (Solar eclipse) लगा रहा है। देश की राजधानी दिल्ली के अलावा तमाम शहरों में इसे साफ देखा गया। श्रद्धालुओं ने पवित्र सरोवरों, नदियों में डुबकी लगाई।

नई दिल्ली : वर्ष 2022 का आखिरी सूर्य ग्रहण (Surya Grahan) 25 अक्टूबर को देश के कई हिस्सों में देखा गया। शाम 4.30 बजे से ये ग्रहण देश के अलग अलग हिस्सों में दिखाई दिया। सबसे पहले श्रीनगर में सूर्य ग्रहण देखा गया। दिल्ली में ग्रहण की शुरुआत शाम 4:29 बजे हुई। यह ग्रहण शाम में लगा इसलिए इस खगोलीय घटना का अंत दिखाई नहीं दिया क्योंकि यह सूर्यास्त के बाद होगा। खगोल विज्ञान प्रेमियों ने चंद्रमा द्वारा सूर्य के प्रकाश को ढक देने के इस खगोलीय घटना को टकटकी लगा कर बड़ी रुचि के साथ देखा। दिल्ली, नोएडा, जम्मू, मुंबई, अमृतसर और लखनऊ में लोगों ने सूर्य ग्रहण को देखा।

Surya Grahan, holy bath

देश के कई शहरों में सूर्य ग्रहण लगा

सूर्य ग्रहण (Solar eclipse) के दौरान देश के विभिन्न हिस्सों से आए हजारों श्रद्धालुओं ने कुरुक्षेत्र के पवित्र सरोवरों में स्नान किया। अधिकारियों ने बताया कि जिला प्रशासन ने सूर्य ग्रहण के दौरान आयोजित मेले के मद्देनजर पांच लाख से अधिक लोगों के ठहरने की व्यवस्था की थी। कुरुक्षेत्र में शाम 4.27 बजे से शाम 5.39 बजे के बीच ग्रहण रहा। हिंदू मान्यताओं के अनुसार सूर्य ग्रहण के दौरान कुरुक्षेत्र के पवित्र सरोवरों में स्नान करना शुभ माना जाता है। श्रद्धालुओं का कहना है कि सूर्य ग्रहण के दौरान यहां के पवित्र सरोवरों में डुबकी लगाने का विशेष महत्व है। इस मौके पर यहां आना मेरा सौभाग्य समझते हैं। इस बीच, साधु-संत पवित्र ब्रह्म सरोवर पहुंचे और वहां हवन किया गया। अन्य शहरों, गांवों में लोगों ने नदियों भी स्नान किया।

End of Feed