Singapore-bound flight : सिंगापुर जाने वाला यात्री विमान अमृतसर एयरपोर्ट पर 35 यात्रियों को छोड़कर कैसे रवाना हो गया, इस घटना की जांच के लिए डीजीसीए ने आदेश दिए हैं। स्कूट एयरलाइन का विमान जो कि बुधवार शाम सात बजकर 55 मिनट पर उड़ान भरने वाला था वह अपने निर्धारित समय से घंटों पहले अमृतसर एयरपोर्ट से शाम तीन बजे रवाना हो गया। इसके चलते 35 यात्री विमान में सवार नहीं हो सके। यात्रियों को छोड़कर जाने पर एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी मच गई।
डीजीसीए ने विमानन कंपनी से रिपोर्ट तलब की है।
यात्रियों ने एयरपोर्ट पर शिकायत दर्ज कराई
गुस्साए यात्रियों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया। उन्होंने एयरपोर्ट पर संबंधित अधिकारियों के समक्ष अपनी शिकायत दर्ज कराई। एयरपोर्ट के अधिकारियों ने जब विमान कंपनी के अधिकारियों से संपर्क किया तो उन्हें बताया गया कि विमानन कंपनी ने यात्रा के समय में बदलाव की सूचना यात्रियों को ई-मेल के जरिए दी थी। अमतृसर एयरपोर्ट के डाइरेक्टर ने समाचार एजेंसी को बताया कि करीब 280 यात्रियों को सिंगापुर जाना था लेकिन 253 यात्रियों के यात्रा के समय में बदलाव किया गया। इसकी वजह से 30 से ज्यादा यात्री पीछे छूट गए। डीजीसीए ने इस घटना पर सिंगापुर की इस विमानन कंपनी से ब्योरा मांगा है।
