Shashi Tharoor: केरल से कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और सांसद राहुल गांधी से मुलाकात की। कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक, शशि थरूर की लंबे समय से ये मांग थी कि राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात कर अपनी कुछ चिंताओं और शिकायतों को उनके सामने रख सकें। ये मुलाकात संसद भवन में हुई। खड़गे और राहुल गांधी के साथ बैठक के बाद शशि थरूर ने कहा कि मैं किसी भी पद का उम्मीदवार नहीं हूं। मैं पार्टी के लिए लगातार प्रचार कर रहा हूं। मैं पूरी तरह, बहुत-बहुत संतुष्ट हूं।
शशि थरूर ने की राहुल-खड़गे से मुलाकात (@ShashiTharoor)
थरूर बोले- मैंने हमेशा पार्टी के लिए प्रचार किया
कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा, मैंने अपने दोनों पार्टी नेताओं, विपक्ष के नेता और कांग्रेस अध्यक्ष से बात की। हमारी बहुत अच्छी, रचनात्मक और सकारात्मक बातचीत हुई। सब ठीक है और हम एक ही दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। मैं और क्या कह सकता हूं? मैंने हमेशा पार्टी के लिए प्रचार किया है, मैंने कहां प्रचार नहीं किया?
उन्होंने केरल के मुख्यमंत्री पद की चर्चा के बारे में पूछे जाने पर कहा- नहीं, इस बारे में कभी कोई चर्चा नहीं हुई। मुझे किसी भी पद के लिए उम्मीदवार बनने में कोई दिलचस्पी नहीं है। फिलहाल, मैं पहले से ही सांसद हूं और मुझे तिरुवनंतपुरम के अपने मतदाताओं का भरोसा हासिल है। संसद में उनके हितों की रक्षा करना मेरा काम है।
शशि थरूर और कांग्रेस के मतभेद जगजाहिर
शशि थरूर और कांग्रेस के बीच समय-समय पर मतभेद सामने आते रहते हैं। कांग्रेस की बैठक में शामिल न होकर तिरूवनंतपुरम के सांसद ने नए राजनीतिक विवाद को जन्म दिया था। थरूर की हाल की दुबई यात्रा को भी कांग्रेस छोड़ने की उनकी तैयारी से जोड़कर देखा गया। दरअसल, थरूर एक साहित्यिक उत्सव में शामिल होने के लिए दुबई गए थे। उन्होंने कहा कि उन्होंने रिपोर्टें देखी हैं लेकिन विदेशी धरती पर होते हुए इस बारे में कोई टिप्पणी करना उचित नहीं होगा। रिपोर्टों में कहा गया है कि कुछ समय से राहुल गांधी और थरूर के बीच सबकुछ ठीक-ठाक नहीं चल रहा है। खास तौर से कोच्चि में हाल ही में हुए कांग्रेस के एक कार्यक्रम में राहुल गांधी ने थरूर को ज्यादा तवज्जो नहीं दी। यही नहीं प्रदेश कांग्रेस के नेता भी उन्हें लगातार नजरंदाज करते आ रहे हैं। इन घटनाओं के बाद मीडिया में ऐसी अटकलें लगने लगीं कि थरूर दूसरी पार्टी में शामिल हो सकते हैं।
बैठक से पहले नदारद रहे थरूर
बजट सत्र से पहले सोनिया गांधी के घर पर कांग्रेस की अहम बैठक हुई लेकिन थरूर इसमें भी नहीं पहुंचे। इस बैठक में 28 जनवरी से शुरू हो रहे संसद में सरकार को घेरने की रणनीति बनाई गई है। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी समेत पार्टी के कई बड़े नेता इसमें शामिल हुए। इन नेताओं में पी चिदंबरम, जयराम रमेश, प्रमोद तिवारी और मनीष तिवारी भी शामिल थे, लेकिन शशि थरूर नजर नहीं आए।
