स्पोर्ट्स

Formula E Teams Championship: डबल पोडियम के साथ तीसरे स्थान पर रही महिंद्रा रेसिंग की टीम

महिंद्रा रेसिंग ने फॉर्मूला ई के जेन3 युग का शानदार समापन करते हुए लंदन ई-प्री में दो पोडियम स्थान हासिल किए। इसके साथ ही महिंद्रा रेसिंग टीम चैंपियनशिप में तीसरा स्थान हासिल किया।

Image

महिंद्रा रेसिंग (फोटो क्रेडिट Mahindra Racing X)

लंदन: महिंद्रा रेसिंग ने फॉर्मूला ई के जेन3 युग का शानदार समापन करते हुए लंदन ई-प्री में दो पोडियम स्थान हासिल किए जिसमें निक डे व्रीस दूसरे और एडोआर्डो मोर्टारा तीसरे स्थान पर रहे। इस प्रदर्शन की बदौलत भारतीय टीम ने टीम चैंपियनशिप में तीसरा स्थान हासिल किया। इसके साथ ही महिंद्रा ने 2016-17 सत्र में हासिल किए गए अपने सर्वश्रेष्ठ तीसरे स्थान के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली।

भारतीय टीम ने आखिरी रेस के क्वालीफाइंग में रही पहले और दूसरे स्थान पर

आखिरी रेस से पहले क्वालीफाइंग में महिंद्रा ने ऐतिहासिक 1-2 परिणाम हासिल किया। डे व्रीस ने पोल पोजिशन हासिल की जबकि मोर्टारा दूसरे स्थान से रेस शुरू करने उतरे। सत्र की 17वीं और अंतिम रेस से पहले महिंद्रा 216 अंक के साथ टीम तालिका में चौथे स्थान पर थी और तीसरे स्थान पर मौजूद आंद्रेटी से 13 अंक पीछे थी। तीसरा स्थान हासिल करने के लिए टीम को दमदार प्रदर्शन की जरूरत थी जिसे उसने पूरा किया।

पोल पोजिशन से शुरुआत करने के बावजूद डे व्रीस नहीं हासिल कर पाए जीत

हालांकि पोल पोजिशन से शुरुआत करने के बावजूद डे व्रीस जीत दर्ज नहीं कर सके जिससे टीम और चालक दोनों को निराशा हुई। इस रेस में डीएस पेंस्के के ब्रिटिश ड्राइवर टेलर बार्नार्ड ने अपने करियर की पहली फॉर्मूला ई जीत दर्ज की। 22 वर्ष की उम्र में वह यह उपलब्धि हासिल करने वाले सबसे युवा ड्राइवर भी बन गए।

महिंद्रा रेसिंग फॉर्मूला ई की फाउंडिंग टीमों में से है एक

महिंद्रा रेसिंग भारत के प्रसिद्ध महिंद्रा एंड महिंद्रा ग्रुप का हिस्सा है और एबीबी एफआईए फॉर्मूला ई विश्व चैम्पियनशिप (ABB FIA Formula E World Championship) में भाग लेने वाली एकमात्र भारतीय मोटर रेसिंग टीम है। यह टीम मुख्य रूप से इंग्लैंड के बैनबरी में स्थित है। भारतीय रेसिंग लाइसेंस के साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा करती है। महिंद्रा रेसिंग फॉर्मूला ई (इलेक्ट्रिक कार रेसिंग) की संस्थापक टीमों में से एक है और साल 2014 के उद्घाटन सत्र से ही इसका हिस्सा रही है।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article