Anjaw Road Accident: अरुणाचल प्रदेश के अंजॉ जिले में एक भीषण सड़के हादसा हुआ। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, अंजॉ जिले के चागलागम सर्कल में मजदूरों को ले जा रहा एक ट्रक खाई में जा गिरा जिसमें सभी मजदूरों की मौत की आशंका जताई जा रही है। इस ट्रक में लगभग 21 मजदूर सवार थे। समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रक हादसे में कम से कम 18 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 3 लोग अन्य लापता हैं।
अरुणाचल प्रदेश के अंजॉ में सड़क हादसा (फोटो साभार: ANI)
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, चागलागम सर्कल की पहाड़ी से ट्रक नीचे गिर गया जिसके बाद तलाशी और बचाव अभियान शुरू किया गया। अरुणाचल प्रदेश के अंजॉ जिले के DDMO (प्रभारी) नांग चिंगनी चौपू के मुताबिक, हादसा भारत-चीन सीमा पर स्थित अरुणाचल प्रदेश के अंजॉ जिले के चागलागम सर्कल में हुआ।
कब और कैसे हुआ हादसा?
बकौल डीडीएमओ (प्रभारी), यह घटना 8 दिसंबर की रात को हुई और 10 दिसंबर की रात को इसकी रिपोर्ट मिली। उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों को भी इसकी जानकारी नहीं थी कि वहां कोई घटना हुई है। वहां का रास्ता ढलान वाला और संकरा है। घटना क्यों हुई? इसका अब तक पता नहीं चला है। हमारे पास एक जीवित व्यक्ति है जिसके अनुसार ट्रक में 22 मजदूर थे।
DDMO (प्रभारी) नांग चिंगनी चौपू के मुताबिक, एक मिनीट्रक दुर्घटनाग्रस्त हुआ, जो पलट गया था। सेना, आईटीबीपी और जिला प्रशासन द्वारा तलाशी और बचाव अभियान चलाया जा रहा है। NDRF को बुलाया गया है। बचाव दल वहां पहुंच गया है, और ऑपरेशन जारी है... हमें अभी भी ट्रक में सवार लोगों को निकालना है। हमें लगता है कि हम सिर्फ शव ही निकाल पाएंगे। हमने इलाज के बाद जीवित व्यक्ति को असम को सौंप दिया है..."
घटनास्थल की ओर रवाना हो रहे तिनसुकिया क्षेत्राधिकारी जयदीप राजक ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘शुरुआती जानकारी के अनुसार ये मजदूर हयूलियांग में निजी ठेकेदार के लिए एक परियोजना में काम कर रहे थे। वे एक डंपर में यात्रा कर रहे थे जो सड़क से लगभग 1,000 फुट गहरी खाई में गिर गया। बचाव अभियान जारी है।’’
तिनसुकिया के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) मयंक कुमार ने बताया कि जिले के 22 मजदूर अरुणाचल प्रदेश में एक छात्रावास के निर्माण के लिए गए थे। उन्होंने कहा, ‘‘वे गिलपुकरी चाय बागान के धेलाघाट निवासी थे।’’
