'नीट पेपर लीक ने करोड़ों युवाओं का भविष्य बर्बाद कर दिया', मेरठ में पदयात्रा के दौरान संजय सिंह ने केंद्र पर साधा निशाना

आम आदमी पार्टी नेता संजय सिंह ने मेरठ से ‘रोजगार दो-सामाजिक न्याय दो’ पदयात्रा के पांचवें चरण की शुरुआत की, जिसे जनता का बड़ा समर्थन मिला। इस दौरान उन्होंने बीजेपी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पेपर लीक, बेरोजगारी और महंगाई ने युवाओं का भविष्य प्रभावित किया है। संजय सिंह ने दावा किया कि कई परीक्षाओं के पेपर लीक होने से करोड़ों छात्र प्रभावित हुए हैं। उन्होंने दहेज, छोटे व्यापारियों पर कार्रवाई, बुलडोजर राजनीति और सामाजिक भेदभाव जैसे मुद्दों को उठाया। साथ ही पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दाम, टैक्स वसूली और आर्थिक नीतियों पर भी सवाल उठाए।

आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश प्रभारी और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने शनिवार को क्रांति की धरती मेरठ के कमिश्नरी पार्क से ‘रोजगार दो-सामाजिक न्याय दो’ पदयात्रा के पांचवें चरण का शुभारंभ किया। 16 से 20 मई तक मेरठ से गाजियाबाद तक चलने वाली इस पदयात्रा की शुरुआत एक विशाल जनसभा से हुई, जहां जगह-जगह लोगों ने सांसद संजय सिंह का फूल-मालाओं और पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया।

sanjay singh (2)

आप नेता संजय सिंह ने मेरठ के कमिश्नरी पार्क से ‘रोजगार दो-सामाजिक न्याय दो’ पदयात्रा का किया शुभारंभ।

जनसभा को संबोधित करते हुए संजय सिंह ने कहा कि भाजपा शासित राज्यों में लगातार पेपर लीक की घटनाओं ने करोड़ों युवाओं का भविष्य बर्बाद कर दिया है। उन्होंने कहा कि नीट समेत अब तक 93 पेपर लीक हो चुके हैं, जिससे करीब 4 करोड़ अभ्यर्थी प्रभावित हुए हैं और उनके परिवारों को जोड़ लें तो लगभग 20 करोड़ लोगों के सपनों पर भाजपा सरकार ने चोट पहुंचाई है। उन्होंने कहा कि यह पदयात्रा युवाओं के रोजगार, सरकारी नौकरियों, रेडी-पटरी वालों, ठेला चालकों, छोटे व्यापारियों और बुलडोजर की कार्रवाई से उजाड़े जा रहे लोगों की आवाज उठाने के लिए निकाली गई है।

End of Feed