Sanjay Raut: शिवसेना (UBT) नेता संजय राउत ने CJP के प्रदर्शन से जुड़ी हिरासतों को लेकर बीजेपी और मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला है। राउत ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए कहा कि यह सिर्फ CJP का आंदोलन नहीं है, बल्कि लोकतंत्र के लिए छात्रों और युवाओं की क्रांति है। राउत ने कहा, "यह मुद्दा सिर्फ CJP तक सीमित नहीं है, यह छात्रों और युवाओं की क्रांति है। जब देश भर के छात्र सड़कों पर उतरते हैं, तो इसे क्रांति कहा जाता है।"
संजय राउत (फोटो साभार- PTI)
'हिटलर ने अपने आखिरी दिनों में किया था ऐसा बर्ताव'
राउत ने इसके कहा, "हिटलर ने जर्मनी में अपने आखिरी दिनों में इसी तरह का बर्ताव किया था। प्रदर्शन को दबाना। विपक्ष को गिरफ्तार करना। लोगों को घर में बंद रखना... आंदोलन रुका नहीं है। पूर्व मुख्यमंत्रियों और सांसदों को हिरासत में लिया जा रहा है। देश में हिरासत और पुलिस राज का शासन है। मानना पड़ेगा कि देश में इमरजेंसी जैसी स्थिति है।" राहुल गांधी के सोमवार से दिल्ली में प्रदर्शन के आह्वान का जिक्र करते हुए राउत ने कहा कि वह भी प्रदर्शन में शामिल होने के लिए राष्ट्रीय राजधानी जाएंगे।
कांग्रेस के प्रोटेस्ट में शामिल होंगे राउत
संजय राउत ने कहा, "राहुल गांधी ने कल से सभी को दिल्ली बुलाया है, और हम भी दिल्ली में रहेंगे। चाहे गिरफ्तारी हो या पुलिस की गोलीबारी का सामना करना पड़े, हम मजबूती से खड़े रहेंगे और लोकतंत्र के लिए लड़ेंगे।" उन्होंने बीजेपी पर भारत को "बनाना रिपब्लिक" में बदलने का आरोप लगाया और कहा कि सरकार ने प्रदर्शनकारियों से निपटने के लिए भगवा कपड़ों में लोगों को तैनात किया है। उन्होंने प्रदर्शन से निपटने को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर भी निशाना साधा। राउत ने कहा, "मोगैंबो मोदी, इस बार मोगैंबो खुश नहीं होगा, इस बार मोगैंबो रोएगा, भागेगा और भूमिगत हो जाएगा।"
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें- ‘प्रेस की स्वतंत्रता पर खुला हमला...' दिल्ली में पत्रकारों की हिरासत पर बवाल, 4 बड़े मीडिया संगठनों ने पुलिस को घेरा
'अमित शाह के घर पर डेढ़ लाख पुलिस तैनात'
राउत ने दिल्ली में गृहमंत्री अमित शाह के आवास के आसपास भारी सुरक्षा तैनाती का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि इलाके में डेढ़ लाख हथियारबंद पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं और जम्मू-कश्मीर, छत्तीसगढ़ और असम से फोर्स बुलाई गई है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बीजेपी के भीतर असंतोष उभर रहा है और सत्तारूढ़ दल में विभाजन की भविष्यवाणी करते हुए दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मार्च से आगे सत्ता में नहीं रहेंगे।
