Samajwadi Party UP state President: लोकसभा चुनाव के बीच समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश में बड़ा उलटफेर किया है। पार्टी ने यहां अपने प्रदेश अध्यक्ष को बदल दिया है। अब नरेश उत्तम पटेल की जगह श्याम लाल पाल को उत्तर प्रदेश का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। नरेश उत्तम फिलहाल फतेहपुर लोकसभा सीट से चुनावी मैदान में हैं। माना जा रहा है कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने यह बदलाव पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक (PDA) फार्मूले के तहत किया है।
सपा ने उत्तर प्रदेश में बदला प्रदेश अध्यक्ष
प्रदेश महासचिव रह चुके हैं श्याम लाल पाल
श्याम लाल पाल समाजवादी पार्टी के प्रदेश महासचिव भी रह चुके हैं। इसके बाद नरेश उत्तम पटेल ने उन्हें प्रदेश कार्यकारिणी में शामिल किया था, बीते साल ही समाजवादी पार्टी ने उन्हें प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी थी। माना जा रहा है कि फतेहपुर लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रहे नरेश उत्तम पटेल का पूरा फोकस चुनाव पर ही रहे, इसलिए सपा मुखिया अखिलेश यादव ने उनसे जिम्मेदारी लेकर श्याम लाल पाल को प्रदेश अध्यक्ष बनाया है।
श्रावस्ती में सपा ने बदला उम्मीदवार
इससे पहले श्रावस्ती लोकसभा सीट पर समाजवादी पार्टी ने अपना कैंडिटेड बदला था। यहां से पहले राम शिरोमणि वर्मा को प्रत्याशी बनाया गया था। उन्होंने 4 मई को नामांकन भी कर दिया था। हालांकि, 5 मई को उनका टिकट काटकर उनकी जगह धीरेंद्र प्रताप सिंह उर्फ धीरु भैया को यहां का नया प्रत्याशी बनाया गया है, जिसके बाद श्रावस्ती की सियासत में हड़कंप मचा हुआ है।
