Republic Day 2026: भारत में 77वां गणतंत्र दिवस बड़ी धूमधाम के साथ मनाया जाने वाला है। 26 जनवरी को पूरा देश तिरंगे के रंगों में रंग जाता है। इस दिन परेड, झांकियां और देशभक्ति गीतों से माहौल गूंज उठता है। इसी दिन, यानी 1950 में, भारतीय संविधान लागू हुआ और भारत एक सॉवरेन डेमोक्रेटिक रिपब्लिक के रूप में सामने आया। हर साल दिल्ली के कर्तव्य पथ पर भव्य परेड आयोजित होती है, जहां सेना की ताकत के साथ-साथ राज्यों की सांस्कृतिक विविधता का प्रदर्शन भी होता है। यह दिन देश की एकता और उत्साह का प्रतीक है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि गणतंत्र दिवस या रिपब्लिक डे सिर्फ भारत तक सीमित नहीं है? दुनिया के कई देशों में इसे अलग-अलग तारीखों पर मनाया जाता है। हर देश की कहानी, तारीख और परंपरा भले ही अलग हो, लेकिन मकसद एक ही है लोकतंत्र और जनता की शक्ति का उत्सव। आइए जानते हैं उन देशों के बारे में, जहां गणतंत्र दिवस विशेष महत्व के साथ मनाया जाता है।
भारत के अलावा यहां भी होता है रिपब्लिक डे
इन देशों में भी मनाया जाता है गणतंत्र दिवस
इन देशों में भी मनाया जाता है गणतंत्र दिवस
इटली
इटली में गणतंत्र दिवस को ‘फेस्टा डेला रिपब्लिका’ कहा जाता है। इसे हर साल 2 जून को मनाया जाता है। यह दिन दूसरे विश्व युद्ध के बाद मनाया जाता है, जब जनता ने जनमत संग्रह के जरिए राजशाही समाप्त कर देश को गणतंत्र बनाया। इस फैसले के बाद देश का अंतिम राजा सत्ता छोड़ने के लिए बाध्य हुआ। आज यह दिन पूरे इटली में हर्ष और उत्सव के साथ मनाया जाता है।
तुर्किए
तुर्किए में गणतंत्र दिवस 29 अक्टूबर को मनाया जाता है। यह दिन ऑटोमन साम्राज्य के अंत और आधुनिक तुर्किए गणतंत्र की स्थापना का प्रतीक है। इस अवसर पर नए कानून, प्रशासनिक ढांचा और नागरिक अधिकारों की नींव रखी गई थी। यहां का गणतंत्र दिवस पुराने साम्राज्य से आधुनिक राष्ट्र बनने की कहानी बयान करता है।
पुर्तगाल
पुर्तगाल में 5 अक्टूबर को गणतंत्र दिवस (Implantação da República) मनाया जाता है। यह दिन राजशाही के खत्म होने और गणतंत्र के गठन का प्रतीक है। यह केवल सत्ता परिवर्तन का उत्सव नहीं है, बल्कि जवाबदेह और लोकतांत्रिक शासन की शुरुआत का संदेश भी देता है।
नेपाल में गणतंत्र दिवस
नेपाल
नेपाल में 28 मई को गणतंत्र दिवस मनाया जाता है। इसी दिन नेपाल ने खुद को संघीय लोकतांत्रिक गणतंत्र घोषित किया था। नेपाल में गणतंत्र दिवस का अर्थ सिर्फ राजा का हटना नहीं है, बल्कि पूरे शासन प्रणाली में बदलाव और जनता की भागीदारी को सशक्त करने का प्रतीक भी है।
ईरान
ईरान में 1 अप्रैल को इस्लामिक रिपब्लिक दिवस मनाया जाता है। यह दिन उस जनमत संग्रह की याद दिलाता है, जिसके बाद ईरान ने इस्लामिक गणतंत्र घोषित किया। यहां गणतंत्र का स्वरूप धर्म और राजनीति के मेल के साथ उभरता है, जो दिखाता है कि हर देश में गणतंत्र का स्वरूप अलग हो सकता है।
सर्बिया
सर्बिया में गणतंत्र दिवस 15 फरवरी को मनाया जाता है। यह दिन देश के इतिहास की दो महत्वपूर्ण घटनाओं, आजादी की पहली लड़ाई की शुरुआत और पहले संविधान की स्थापना को याद दिलाता है। यह दिन सर्बिया के लिए राष्ट्रीय पहचान और गर्व का प्रतीक है।
पाकिस्तान
पाकिस्तान में 23 मार्च को गणतंत्र दिवस का महत्व है। इसी दिन 1940 में लाहौर प्रस्ताव पेश किया गया था, जिसने अलग देश की दिशा तय की। बाद में 1956 में इसी दिन पाकिस्तान ने खुद को इस्लामिक रिपब्लिक घोषित किया। इस मौके पर वहां परेड और अन्य सरकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
ब्राजील में गणतंत्र दिवस
ब्राजील
ब्राजील में गणतंत्र दिवस (Proclamação da República) 15 नवंबर को मनाया जाता है। यह दिन राजतंत्र के अंत और गणतंत्र की घोषणा की याद दिलाता है। लैटिन अमेरिका के कई देशों के लिए यह दिन औपनिवेशिक दौर के बाद नए राष्ट्र के जन्म का प्रतीक है।
दक्षिण अफ्रीका
दक्षिण अफ्रीका में पहले गणतंत्र दिवस 31 मई को मनाया जाता था, लेकिन समय के साथ राष्ट्रीय प्रतीक बदले। अब यहां 27 अप्रैल को ‘फ्रीडम डे’ मनाया जाता है, जो रंगभेद के अंत और स्वतंत्रता का प्रतीक है। यह दर्शाता है कि देश अपने इतिहास को समयानुसार नए अर्थ देता है।
फिलीपींस
फिलीपींस में गणतंत्र दिवस (Philippine Republic Day) 4 जुलाई को मनाया जाता है। यह दिन देश की स्वतंत्रता और गणतंत्र बनने की याद दिलाता है। इस अवसर पर सरकारी कार्यक्रम आयोजित होते हैं और झंडा फहराने जैसी परंपराएं निभाई जाती हैं।
