उत्तर प्रदेश के रामपुर में 2008 के सीआरपीएफ कैंप पर हुए आतंकी हमले के मामले में दोषी ठहराए गए मोहम्मद शरीफ को अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी। मंगलवार (10 नवंबर) को हुई इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक, गोली लगने से घायल शरीफ को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी है।
2008 CRPF आतंकी हमले के दोषी पर जानलेवा हमला, रामपुर में अज्ञात हमलावरों ने बरसाईं गोलियां।
अज्ञात हमलावरों ने मोहम्मद शरीफ पर की फायरिंग
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मोहम्मद शरीफ पर हमला करने वाले बदमाश वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के हवाले से कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि शरीफ को करीब 16 गोलियां मारी गईं। हालांकि, इस दावे की आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है। पुलिस ने हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए तलाश शुरू कर दी है।
2019 में सुनाई गई थी चार दोषियों को फांसी की सजा
इस मामले में रामपुर की अदालत ने नवंबर 2019 में मोहम्मद शरीफ समेत छह आरोपियों को दोषी ठहराया था। इनमें चार आरोपियों को मौत की सजा सुनाई गई थी। शरीफ के अलावा दो पाकिस्तानी नागरिक भी इस मामले में दोषी ठहराए गए थे।हालांकि, अक्टूबर 2025 में इलाहाबाद हाईकोर्ट ने पुलिस जांच और सबूतों से जुड़ी खामियों का हवाला देते हुए चार आरोपियों की मौत की सजा रद्द कर दी थी। हाईकोर्ट ने आरोपियों को मुख्य आतंकी हमले के आरोपों से बरी करते हुए प्रतिबंधित हथियार रखने के मामले में आर्म्स एक्ट के तहत 10 साल की कठोर कैद और एक लाख रुपये जुर्माने की सजा सुनाई थी।
