Nishikant Dubey: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद निशिकांत दुबे ने तीखा हमला बोला है। भाजपा नेता ने कहा कि 'विदेशी धरती से राहुल गांधी वैसे ही बोल रहे हैं जैसे मलेशिया से जाकिर नाइक और कनाडा एवं अमेरिका की भूमि से खालिस्तानी आतंकवादी गुरपतवंत सिंह पन्नू बोलता है।' दुबे ने कहा कि इन सभी की भाषा एक जैसी है।
राहुल गांधी पर निशिकांत दुबे का तीखा हमला। तस्वीर-PTI
भारत के खिलाफ बेबुनियाद बोलते हैं राहुल-भाजपा सांसद
बीजेपी सांसद ने कहा, 'राहुल गांधी विदेश जाते हैं और संविधान पर लंबा भाषण देते हैं, साथ ही भारतीय सरकार के खिलाफ बेबुनियाद बयान देते हैं। यह वही बात है जो मलेशिया से जाकिर नाइक कह रहा है। खालिस्तान आतंकी पन्नू कनाडा और अमेरिका से बोल रहा है, और सैयद सलाउद्दीन पाकिस्तान से बोल रहा है। अगर आप राहुल गांधी की भाषा की तुलना इनकी भाषा से करें, जिन्हें सोरोस फाउंडेशन का समर्थन प्राप्त है, तो दोनों एक जैसी हैं।'
'राजमाता सिंधिया को कांग्रेस ने जेल में डाला'
उन्होंने आगे कहा कि 'लेकिन मेरा कांग्रेस पार्टी से सवाल है जिस संविधान का आप हवाला दे रहे हैं, 1975 में राजमाता सिंधिया, जो भाजपा की संस्थापक सदस्य थीं और ग्वालियर राजघराने की महारानी थीं। कोई ऐसा चुनाव नहीं था जिसमें राजमाता सिंधिया हारी हों। इसका मतलब है कि जनता में उनकी अपार लोकप्रियता थी। उन्हें सिर्फ इसलिए जेल में डाल दिया गया क्योंकि वे भारतीय जनसंघ की नेता थीं। आपने उन्हें कैद किया, उनके घर पर इनकम टैक्स के छापे डलवाए। जयपुर राजघराने की महारानी गायत्री देवी और उन्हें तिहाड़ जेल में प्रताड़ित कर कैद किया गया।'
राहुल का राजनयिक पासपोर्ट जब्त किया जाए-दुबे
भाजपा नेता ने कहा कि 'आप महिलाओं की बात करते हैं, महिला अधिकारों की बात करते हैं। इतना ही नहीं, आज आप वांगचुक की बात कर रहे हैं, बड़ा हंगामा मचा हुआ है। जांच चल रही है। इतने लोगों की हत्या हुई। क्या आपको पता है वांगचुक ने लद्दाख में क्या कहा था? भीमसेन सच्चर एक महान स्वतंत्रता सेनानी थे। वे आंध्र प्रदेश के राज्यपाल भी रहे। पुलिस ने रातों-रात भीमसेन सच्चर को उनके घर से घसीट लिया और गिरफ्तार कर लिया। मेरा मानना है कि कांग्रेस पार्टी को पूरे देश से माफी मांगनी चाहिए। मेरी भारत सरकार से मांग है कि चूंकि राहुल गांधी राजनयिक पासपोर्ट का उपयोग करते हैं, अब समय आ गया है कि उनका राजनयिक पासपोर्ट जब्त किया जाए और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।'
कोलंबिया के मेडेलिन में बोले राहुल
कोलंबिया के मेडेलिन शहर में ईआईए विश्वविद्यालय में एक संगोष्ठी को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने बुधवार को कहा कि भारत में वर्तमान में 'लोकतांत्रिक प्रणाली पर व्यापक हमला' देश के सामने सबसे बड़ा खतरा है। उन्होंने कहा कि विभिन्न परंपराओं को पनपने देना बहुत ज़रूरी है, और ज़ोर दिया कि 'हम चीन जैसा नहीं कर सकते, यानी एक सत्तावादी व्यवस्था चलाना'। गांधी ने यह भी आरोप लगाया कि भारत में अब 'केंद्रीकृत स्तर पर भारी भ्रष्टाचार' है।
