Rahul Gandhi Raipur Visit: लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी रविवार को पार्टी की छत्तीसगढ़ इकाई के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के लिए आयोजित प्रशिक्षण शिविर में शामिल होने रायपुर पहुंचे। राहुल गांधी का स्वागत करने के लिए स्वामी विवेकानंद हवाई अड्डे पर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक जुटे हुए थे। वह दोपहर दो बजे के बाद एक नियमित उड़ान से वहां पहुंचे।
रायपुर में स्नैक्स टाइम के दौरान राहुल गांधी और अन्य कांग्रेस नेता (फोटो- ANI)
कांग्रेस के अन्य वरिष्ठ नेताओं ने किया एयरपोर्ट पर स्वागत
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट, राज्य में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंह देव और कांग्रेस के कई अन्य वरिष्ठ नेताओं ने हवाई अड्डे पर उनका स्वागत किया। बताया जा रहा है कि राहुल गांधी जैसे ही हवाई अड्डे से बाहर निकले पार्टी कार्यकर्ताओं ने झंडे लहराए और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष के समर्थन में नारे लगाए।
रायपुर के अभनपुर कस्बे के लिए हुए रवाना
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी सीधे रायपुर जिले के अभनपुर कस्बे के लिए रवाना हुए, जहां प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित हुआ। शाम को उनके नई दिल्ली लौटने का कार्यक्रम है। कांग्रेस के एक पदाधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि 20 से 29 जून तक आयोजित 10 दिनों के इस प्रशिक्षण शिविर का मकसद पार्टी संगठन को मजबूत करना और जमीनी स्तर पर लोगों से जुड़ाव बढ़ाना है।
इसे भी टाइम्स नाउ नवभारत पर पढ़ें- 'बच्चों के भविष्य के साथ जुआ खेलना बंद करें', NEET अभ्यर्थी को अबू धावी में मिला सेंटर तो गुस्साए राहुल गांधी
'श्रमदान' गतिविधियों में होंगे शामिल
इससे एक पदाधिकारी ने बताया कि राज्य भर की जिला कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष इस कार्यक्रम में हिस्सा ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के तहत प्रतिभागी क्षेत्र का दौरा करेंगे, 'श्रमदान' (स्वैच्छिक सामुदायिक सेवा) गतिविधियों में शामिल होंगे और स्थानीय मुद्दों को प्रत्यक्ष रूप से समझने और जमीनी स्तर पर लोगों से अपना जुड़ाव मजबूत करने के लिए गांवों में एक रात बिताएंगे।
मैगी पॉइंट पर चखा मैगी का स्वाद
वहीं, प्रशिक्षण शिविर के बाद एयरपोर्ट जाते समय राहुल गांधी ने एक रोड साइड मैगी पॉइंट पर रुककर चाय और मैगी का लुत्फ उठाया। राहुल गांधी के साथ छत्तीसगढ़ प्रभारी सचिन पायलट, दीपक बैज, पूर्व सीएम भूपेश बघेल समेत कई बड़े कांग्रेस के नेता मौजूद रहे। इस दौरान कई लोग राहुल की एक झलक पाने के लिए बेताब नजर आए।
