Full Statehood to Puducherry: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने पुडुचेरी को पूर्ण राज्य का दर्जा देने के कांग्रेस पार्टी के वादे को दोहराया है। राहुल गांधी ने कहा कि पूर्ण राज्य का दर्जा दिए जाने का मुद्दा कांग्रेस का हमेशा से रहा है।
राहुल गांधी ने पुडुचेरी को 'पूर्ण राज्य का दर्जा' देने का वादा किया
विधानसभा चुनावों से पहले, पुडुचेरी के लॉस्पेट में एक जनसभा को संबोधित करते हुए, उन्होंने घोषणा की कि अगर कांग्रेस गठबंधन सत्ता में आता है, तो वह बेरोजगार युवाओं को दो हजार रुपये की मासिक आर्थिक सहायता देगा और सार्वजनिक तथा निजी क्षेत्रों में 30 हजार नई नौकरियां पैदा करेगा।
राहुल ने यह भी वादा किया कि सत्ता संभालने के छह महीने के भीतर केंद्र शासित प्रदेश में लंबे समय से लंबित स्थानीय निकाय चुनाव कराए जाएंगे।
'पुडुचेरी में सरकार दिल्ली से 'रिमोट कंट्रोल' से चलाई जा रही है'
NDA के नेतृत्व वाली सरकार की आलोचना करते हुए, गांधी ने आरोप लगाया कि पुडुचेरी में सरकार दिल्ली से 'रिमोट कंट्रोल' से चलाई जा रही है और यह लोगों की इच्छा को नहीं दर्शाती। उन्होंने यह भी दावा किया कि इस क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियां कम हो गई हैं, जिससे रोज़गार पर असर पड़ा है। राहुल गांधी ने इस दौरान महिलाओं के लिए फ्री बस सेवा का वादा करते हुए कहा कि मैं कई औरतों को देख रहा हूं और मुझे यह कहते हुए बेहद खुशी हो रही है कि आप बसों में मुफ्त में सफर करने जा रही हैं।
NDA उम्मीदवारों के लिए अमित शाह का प्रचार अभियान
इस बीच, BJP के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह NDA उम्मीदवारों के लिए प्रचार करने पुडुचेरी पहुंचेंगे। उनका कार्यक्रम थिरुक्कनूर मेन रोड पर एक जनसभा को संबोधित करने का है, जिसमें वे BJP की मन्नादिपेट सीट से उम्मीदवार ए. नमस्सिवयम के समर्थन में बोलेंगे। द्रविड़ मुन्नेत्र कड़गम के नेता और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन भी चुनावी प्रचार अभियान के तहत बाद में पुडुचेरी में प्रचार करेंगे।
