Bihar Chunav: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शनिवार को पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से मुलाकात की और उन्होंने बिहार के राजनीतिक परिदृश्य पर चर्चा की। राज्य में इसी महीने हुए विधानसभा चुनाव में पार्टी को करारी हार का सामना करना पड़ा। सूत्रों ने बताया कि गांधी कांग्रेस अध्यक्ष के आवास पर गए, जहां उन्होंने बिहार के पार्टी नेताओं से मुलाकात की।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी (बाएं) और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे (दाएं) (फाइल फोटो)
कौन-कौन रहा मौजूद
बिहार के कांग्रेस प्रभारी कृष्णा अल्लावरु और पार्टी की प्रदेश इकाई के प्रमुख राजेश राम भी बैठक में मौजूद थे। इससे पहले, गांधी और खरगे ने बिहार के नेताओं और (राज्य विधानसभा चुनाव के) सभी कांग्रेस प्रत्याशियों से इंदिरा भवन में मुलाकात की थी, ताकि चुनाव में पार्टी की हार के कारणों का पता लगाया जा सके।
ऐसा माना जा रहा है कि प्रत्याशियों ने महिलाओं के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) द्वारा की गई 10,000 रुपये की प्रोत्साहन योजना की घोषणा, प्रदेश कांग्रेस के भीतर आंतरिक कलह और मतभेद तथा टिकट बंटवारे में देरी को चुनाव में हार की कुछ वजहों के तौर पर गिनाए।
'वायु प्रदूषण पर संसद में चर्चा हो'
इससे पहले, राहुल गांधी ने राष्ट्रीय राजधानी में वायु प्रदूषण के कारण पैदा हुई ‘स्वास्थ्य संबंधी आपात स्थिति’ पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की कथित चुप्पी को लेकर शुक्रवार को सवाल खड़े किए और कहा कि इस विषय पर एक दिसंबर से शुरू हो रहे संसद के शीतकालीन सत्र में विस्तृत चर्चा होनी चाहिए।उन्होंने वायु प्रदूषण से निपटने के लिए एक ठोस कार्य योजना की मांग भी की और सवाल किया कि मोदी सरकार इस मुद्दे पर कोई तत्परता या जवाबदेही क्यों नहीं दिखा रही है।
