Rahul Gandhi Speech: रामलीला मैदान में कांग्रेस का दिल्ली चलो मार्च को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने चुनाव आयोग और मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा। राहुल गांधी ने कहा कि 2024 का लोकसभा चुनाव गैरकानूनी था। ईवीएम से वोटचोरी की गई। कई साल से देश में वोट चोरी हो रहे हैं। हरियाणा, बंगाल, महाराष्ट्र में वोट चोरी हुए। राहुल गांधी ने रविवार को केंद्र सरकार तथा मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर तीखा हमला बोला और कहा कि ’’देशद्रोह’’ के लिए कुमार अपने पद से हटेंगे और जेल जाएंगे तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को कानूनी कार्रवाई का सामना करना होगा।
रामलीला मैदान में राहुल गांधी इंडिया गठबंधन की रैली को संबोधित करते हुए
राहुल गांधी ने वोट चोरी का किया दावा
राहुल गांधी ने अपने संबोधन की शुरुआत करते हुए कहा, "लाखों लोग यहां चल कर आए, एक साथ चल कर आए। दिल से आपका धन्यवाद करता हूं। आपने देश को एक मैसेज भेजना था, नरेंद्र मोदी को, अमित शाह को, ज्ञानेश कुमार को मैसेज भेजना था, आपने मैसेज भेजा है। ये किसी एक राजनीतिक पार्टी की आवाज नहीं है। ये सिर्फ नेताओं की आवाज नहीं है। ये हिंदुस्तान के युवाओं की आवाज है, हिंदुस्तान के किसानों की आवाज है, मजदूरों की आवाज है और ये आवाज कह रही है कि हम लोकतंत्र को हिंदुस्तान में खत्म नहीं होने देंगे। हम संविधान को नष्ट नहीं होने देंगे। सालों से वोट चोरी हो रही है,ममता जी ने बंगाल का उदाहरण दिया। ईवीएम और लोगों का वोट काटकर चोरी हुई है।
'2024 का चुनाव गैरकानूनी'
राहुल गांधी ने दावा किया कि 2024 के लोकसभा चुनाव के बाद 13.5 करोड़ मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए, जो कुल मतदाताओं का करीब 15 प्रतिशत है। उन्होंने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) और विपक्ष के बीच मतों का अंतर केवल तीन प्रतिशत था और अब निर्वाचन आयोग की बात से यह साबित हो गया है कि वह चुनाव ’चोरी का चुनाव और अवैध चुनाव’ था। कांग्रेस नेता ने दावा किया कि ज्ञानेश कुमार के बिना इस बार नरेन्द्र मोदी प्रधानमंत्री और अमित शाह गृह मंत्री नहीं बन पाते। उन्होंने कहा, ’’यह कोई सामान्य चोरी नहीं है। यह हिंदुस्तान के हर नागरिक के आवाज की चोरी है, हर नागरिक की अभिव्यक्ति की चोरी है। इसे कानूनी भाषा में दुर्लभतम मामला कहते हैं, इसे देशद्रोह कहते हैं।’’
पीएम मोदी और शाह पर हमला
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री शाह बचकर नहीं भाग सकते और देश उनसे न्याय मांगेगा। कांग्रेस नेता ने कहा कि ’शिव की बारात’ में कोई भी शामिल हो सकता है। राहुल गांधी ने कहा, "मोदी-शाह-RSS ने देश में नफरत फैला रखी है, जिससे देश की आत्मा को नुकसान हो रहा है। आज पूरा हिंदुस्तान कह रहा है- हमें नफरत नहीं, प्यार और भाईचारा चाहिए, मोहब्बत का देश चाहिए। हम ये जरूर करके दिखाएंगे। हिंदुस्तान नफरत का नहीं, मोहब्बत का देश है। हम नरेंद्र मोदी, अमित शाह और ज्ञानेश कुमार से नफरत नहीं करते, लेकिन इन लोगों ने देश की आत्मा पर हमला किया है। हम ये बात बर्दाश्त नहीं कर सकते।"
