INDIA Bloc Jantar Mantar Protest: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्षी दलों के विरोध प्रदर्शन के दौरान दिल्ली के जंतर-मंतर का माहौल गर्म है। हिरासत के बाद राहुल गांधी को रिहा कर दिया गया है। इससे पहले, धरना दे रहे कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को दिल्ली पुलिस के जवान हिरासत में लेकर जबरन बस में बिठाकर धरना स्थल से ले गए थे। उनके साथ ही कई अन्य कांग्रेस नेताओं को भी हिरासत में लिया गया था। वहीं, INDIA गठबंधन के सांसदों ने आरोप लगाया था कि पुलिस ने उनके साथ मारपीट की और उन्हें विरोध प्रदर्शन वाली जगह पर जाने से रोका। इस बीच, सामने आया है कि जब पुलिस राहुल गांधी को बस में बिठाकर धरनास्थल से ले जा रही थी तब राहुल गांधी की गाड़ी को युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने पंचर कर दिया है।
राहुल-प्रियंका गांधी हिरासत में।
बता दें कि प्रदर्शनकारी चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर सवाल उठा रहे हैं। विपक्षी दलों की मांग है कि चुनावी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को लेकर जवाबदेही तय की जाए और ज्ञानेश कुमार अपने पद से इस्तीफा दें।
धरनास्थल के वीडियो आए सामने
धरनास्थल के वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे जबरदस्ती दिल्ली पुलिस के जवान राहुल गांधी समेत अन्य सांसदों को वहां से ले गए। वहीं, कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा को हटाने में पुलिसकर्मियों को खासी मशक्कत करनी पड़ी। प्रियंका ने धरनास्थल छोड़ने से मना कर दिया और जमीन पर लेट गईं। इस दौरान उनके साथ कई महिला कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता भी थीं। इसके वीडियो और तस्वीरें भी सामने आईं हैं। विपक्षी सांसदों का आरोप है कि उन्हें प्रदर्शन स्थल तक जाने से रोका गया और पुलिस ने उनके साथ मारपीट की।
पुलिस पर लाठीचार्ज का आरोप
हिरासत में लिए जाते समय RJD सांसद मनोज कुमार झा ने पुलिस कार्रवाई पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज किया गया। झा ने इसके लिए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जिम्मेदार ठहराया।उन्होंने कहा कि इस तरह की कार्रवाई लंबे समय बाद देखने को मिली है और विपक्षी सांसदों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए बल प्रयोग किया गया।जंतर-मंतर की ओर बढ़ रहे थे विपक्षी सांसद
INDIA ब्लॉक के सांसद चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के लिए जंतर-मंतर की ओर जा रहे थे। विपक्षी दल चुनावी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को लेकर जवाबदेही की मांग कर रहे हैं और मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग उठा रहे हैं।पुलिस द्वारा सांसदों को रोके जाने के बाद मौके पर तनाव की स्थिति बन गई। इसके बाद कई विपक्षी सांसदों को हिरासत में लेकर वहां से हटाया गया। प्रदर्शन से जुड़े वीडियो में पुलिसकर्मियों और विपक्षी नेताओं के बीच तीखी नोकझोंक भी दिखाई दी।
