Bhagwant Mann : पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने 'घर घर सिंदूर अभियान' को लेकर मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधा। उन्होंने भगवा पार्टी पर 'सिंदूर' के नाम पर राजनीति करने का आरोप लगाया। लुधियाना पश्चिम सीट पर हो रहे उपचुनाव के लिए प्रचार करते हुए मान ने कहा कि 'हम इसके बारे में क्या कर सकते हैं? आप सिंदूर के नाम पर वोट मांग रहे हैं। इन्होंने सिंदूर को मजाक की चीज बना दिया है।' सीएम यहीं नहीं रुके, उन्होंने आगे भाजपा से पूछा कि 'क्या वन नेशन, वन हसबैंड' आपकी नई योजना है। AAP सीएम के इस बयान पर विवाद खड़ा हो सकता है। भाजपा उन्हें घेर सकती है।
लुधियाना पश्चिम सीट पर हो रहा है उपचुनाव।
भाजपा ने इस तरह की किसी योजना से इंकार किया है
आम आदमी पार्टी के नेता मान 'ऑपरेशन सिंदूर' की सफलता के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा घर-घर सिंदूर बांटने की रिपोर्टों पर प्रतिक्रिया दे रहे थे। हालांकि, भाजपा ने इस तरह की किसी योजना से इंकार किया है। मान ने कहा, 'वे कह रहे हैं कि वे हर घर में सिंदूर भेजेंगे। सिंदूर यदि आपके घर आएगा तो क्या आप मोदी के नाम पर लगाएंगे? क्या वन नेशन, वन हसबैंड आपकी नई योजना है?' बता दें कि घर-घर सिंदूर बांटे जाने की रिपोर्टों पर AAP नेता संजय सिंह ने भी प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधा। सिंह ने X पर अपने एक पोस्ट में कहा, 'दो चुटकी सिंदूर की कीमत आप क्या जानते हैं मोदी जी?'
फाइनल के लिए पंजाब किंग्स को शुभकामनाएं दीं
आईपीएल 2025 के फाइनल मैच को लेकर सीएम मान ने पंजाब किंग्स को जीत की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि वह पंजाब की टीम को जीत की शुभकामनाएं देते हैं। उन्होंने सेमीफाइनल में अच्छा खेल दिखाया। मान ने कहा कि सेमीफाइनल के दिन वह डेढ़-पौने दो बजे तक मैच देखे। पंजाब की टीम ने बहुत अच्छा किया। आज फाइनल है। आप भी देखें और टीम का सपोर्ट करें।'
